डॉलर के मुकाबले रुपया 90.66 पर स्थिर
Feb 16, 2026
मुंबई: अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 90.66 (अस्थायी) पर स्थिर रुख के साथ बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में तेजी के रुख को विदेशी बाजारों में डॉलर की मजबूती ने बेअसर कर दिया।
विदेशी मुद्रा व्यापारियों के अनुसार, कच्चे तेल की कम कीमतों ने रुपये का समर्थन किया, जबकि विदेशी कोषों की निकासी ने रुपये की बढ़त को सीमित कर दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, डॉलर के मुकाबले रुपया 90.63 पर खुला और सत्र के दौरान 90.61 के दिन के उच्चतम स्तर और 90.72 के निचले स्तर के बीच घूमता रहा। कारोबार के अंत में रुपया 90.66 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर स्थिर रुख के साथ बंद हुआ। शुक्रवार को, यह डॉलर के मुकाबले पांच पैसे कमजोर होकर 90.66 पर बंद हुआ था।
एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषण विभाग के उपाध्यक्ष (जिंस और मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि बाजार प्रतिभागियों के सतर्क रहने की वजह से रुपया ज़्यादातर स्थिर रुख के साथ कारोबार कर रहा था, जबकि कमजोर शुरुआत के बाद शेयर बाजार में सुधार से रुपये को स्थिर करने में मदद मिली। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक, अनुज चौधरी के अनुसार, "निवेशक अब इस सप्ताह अमेरिका से आवास बाजार और जीडीपी के आंकड़ों पर नज़र रख सकते हैं। डॉलर-रुपया हाजिर मूल्य के 90.30 रुपये से 90.90 रुपये के दायरे में कारोबार करने की उम्मीद है।"
सेंसेक्स 650.39 अंक या 0.79 प्रतिशत बढ़कर 83,277.15 पर, निफ्टी 211.65 अंक की बढ़त के साथ 25,682.75 अंक पर पहुंच गया
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख प्रतिस्पर्धी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला, डॉलर इंडेक्स 0.09 प्रतिशत बढ़कर 96.91 पर कारोबार कर रहा था। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.47 प्रतिशत घटकर 67.43 डॉलर प्रति बैरल पर था। घरेलू शेयर बाजार में, सेंसेक्स 650.39 अंक या 0.79 प्रतिशत बढ़कर 83,277.15 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 211.65 अंक की बढ़त के साथ 25,682.75 अंक पर पहुंच गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को 7,395.41 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।