जैक्स के हरफनमौला प्रदर्शन से इटली को हराकर इंग्लैंड सुपर आठ में
Feb 16, 2026
कोलकाता: विल जैक्स के हरफनमौला प्रदर्शन से इंग्लैंड ने आखिर तक जुझारू प्रदर्शन कर रही इटली को 24 रन से हराकर सोमवार को टी20 विश्व कप के सुपर आठ में प्रवेश कर लिया ।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जैक्स की आक्रामक पारी के दम पर इंग्लैंड ने आखिरकार अपनी लय हासिल करते हुए सात विकेट पर 202 रन बनाये । जैक्स ने 22 गेंद में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 54 रन बनाये और टूर्नामेंट में पहली बार टीम को 200 रन के पार पहुंचाया ।
जवाब में इटली ने शानदार प्रदर्शन किया और एक समय लग रहा था कि कोई उलटफेर हो जायेगा लेकिन इंग्लैंड ने समय पर वापसी की । इटली के लिये बेन मानेंटी ने 25 गेंद में 60 और ग्रांट स्टीवर्ट ने 23 गेंद में 45 रन बनाये ।
इटली की टीम 20 ओवर में 178 रन ही बना सकी
जैक्स ने समय पर मानेंटी को आउट करके इंग्लैंड को मैच में लौटाया। इंग्लैंड के लिये सैम कुरेन ने 22 और जैमी ओवर्टन ने 18 रन देकर तीन तीन विकेट लिये ।
एक समय पर इटली का स्कोर तीन विकेट पर 22 रन था लेकिन बेन ने जबर्दस्त पारी खेलकर सिर्फ 22 गेंद में अर्धशतक बनाया । यह टी20 विश्व कप का संयुक्त पांचवां सबसे तेज और एसोसिएट देश के किसी बल्लेबाज का संयुक्त दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है ।
उन्होंने जैक्स को एक ओवर में दो चौके और दो छक्के समेत 21 रन निकाले । जस्टिन मोस्का ने बखूबी साथ निभाते हुए 34 गेंद में 43 रन बनाये । दोनों ने 48 गेंद में 92 रन की साझेदारी की लेकिन जैक्स ने बेन का विकेट लेकर पासा पलट दिया ।
इससे पहले टूर्नामेंट में खराब शुरूआत के बाद दो बार की चैम्पियन इंग्लैंड ने इस अहम मुकाबले में शानदार वापसी की लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने का सिलसिला जारी रहा ।एक समय पर इंग्लैंड के पांच विकेट 105 रन पर गिर गए थे जिसके बाद जैक्स और सैम कुरेन (19 गेंद में 25 रन ) ने अच्छी साझेदारी की । दोनों ने छठे विकेट के लिये 25 गेंद में 54 रन जोड़े । पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के लिये फिल साल्ट ने 15 गेंद में दो चौकों और दो छक्कों के साथ 28 रन बनाये । पहले पांच ओवर में इंग्लैंड ने 50 रन बना लिये थे ।
अनुभवी जोस बटलर का खराब फॉर्म जारी रहा और वह तीन रन बनाकर तीसरे ओवर में ग्रांट स्टीवर्ट का शिकार हुए । पावरप्ले के बाद इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट पर 54 रन था । साल्ट को छठे ओवर में अली हसन ने आउट किया जिनका शानदार कैच डीप स्क्वेयर लेग में एंथोनी मोस्का ने लपका ।
जैकब बेथेल ने 20 गेंद में 23 रन बनाये लेकिन वह भी साल्ट के जाने के बाद टिक नहीं सके ।
कप्तान हैरी ब्रूक नौ गेंद में 14 रन बनाकर जेजे स्मट्स की गेंद पर आउट हुए । इससे पहले उन्होंने इसी गेंदबाज को लांग आफ और स्क्वेयर लेग पर छक्का लगाया था । टॉम बेंटोन ने 21 गेंद में 30 रन बनाये ।