एनएचआरएसीएफ ने चंडीगढ़ डीजीपी को सौंपा ज्ञापन, पारदर्शिता व भ्रष्टाचार पर नियंत्रण की मांग
Feb 03, 2026 4:56 AM
चंडीगढ़: शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से नेशनल ह्यूमन राइट्स एंड एंटी-करप्शन फोर्स (एनएचआरएसीएफ) चंडीगढ़ का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) डॉ. सागर प्रीत हुड्डा, आईपीएस से उनके कार्यालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संस्था के अध्यक्ष कमलजीत सिंह पंच्छी एवं चेयरमैन अनिल वोहरा ने किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रमुख को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। ज्ञापन में सार्वजनिक कार्यों एवं टेंडर प्रक्रियाओं की सख्त निगरानी, शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत करने, व्हिसल-ब्लोअर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने, तकनीक के अधिक उपयोग से मानवीय हस्तक्षेप कम करने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान चलाने जैसे उपायों पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने भ्रष्टाचार, अधिकारों के दुरुपयोग, जन-शिकायतों के शीघ्र निस्तारण और प्रशासनिक पारदर्शिता से संबंधित विभिन्न जन-समस्याओं को भी पुलिस प्रमुख के समक्ष रखा। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने में चंडीगढ़ पुलिस की भूमिका की सराहना करते हुए नैतिक शासन, नागरिक जागरूकता और जन-विश्वास को मजबूत करने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। डॉ. सागर प्रीत हुड्डा ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि प्रस्तुत सुझावों एवं मुद्दों पर जनहित को ध्यान में रखते हुए विचार किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में महासचिव रजत मल्होत्रा, उपाध्यक्ष दिलजीत ठुकराल व राजन महाजन, वित्त सचिव विकास बत्ता तथा सलाहकार नरेश बंसल भी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी के सकारात्मक एवं रचनात्मक दृष्टिकोण के लिए आभार व्यक्त किया।