चंडीगढ़: शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। हैदराबाद से चंडीगढ़ पीजीआई में आयोजित सेमिनार में भाग लेने आए एक डॉक्टर को ऑटो चालक और उसके दो साथियों ने कथित तौर पर बंधक बनाकर लूट लिया। आरोप है कि तीनों ने डॉक्टर को सुनसान इलाके में ले जाकर न केवल बेरहमी से पीटा, बल्कि चाकू से हमला कर डिजिटल माध्यम से रुपये भी ट्रांसफर करवा लिए। घायल डॉक्टर की पहचान हैदराबाद निवासी डॉ. अनिल के रूप में हुई है। उन्हें हाथ, जांघ सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद उन्हें सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनके साथी उन्हें वापस हैदराबाद ले गए।


पीड़ित डॉक्टर के अनुसार, वह रात करीब 8:15 बजे चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। पीजीआई जाना होने के कारण उन्होंने स्टेशन के बाहर खड़े एक ऑटो में बैठने का फैसला किया। ऑटो में चालक के अलावा दो अन्य युवक पहले से मौजूद थे। कुछ दूरी तय करने के बाद चालक और उसके साथी डॉक्टर को अलग-अलग रास्तों पर घुमाते रहे। जब ऑटो इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 के एक सुनसान स्थान पर पहुंचा, तो आरोपितों ने अचानक ऑटो रोककर मारपीट शुरू कर दी। डॉक्टर का कहना है कि आरोपितों के पास तेजधार हथियार थे। विरोध करने पर उन्होंने चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद गूगल-पे का पासवर्ड पूछकर खाते से रुपये ट्रांसफर कर लिए। हमलावर डॉक्टर का मोबाइल फोन और लैपटॉप लूटकर मौके से फरार हो गए और उसे सड़क पर धक्का देकर छोड़ दिया। घटना के बाद डॉक्टर ने राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की तलाश की जा रही है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!