अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन से आज भी सीखने को बहुत कुछ शेष है: संजय टंडन
Dec 26, 2025 04:48 AM
चंडीगढ़: देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती तथा भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह-प्रभारी संजय टंडन ने चंडीगढ़ में आयोजित दो अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग लिया। संजय टंडन ने सर्वप्रथम श्री ब्राह्मण सभा, चंडीगढ़ द्वारा भगवान परशुराम भवन, सेक्टर-37 में आयोजित कार्यक्रम में दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके पश्चात उन्होंने चंडीगढ़ भाजपा कार्यालय ‘कमलम’, सेक्टर-33 में आयोजित अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस अवसर पर उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा, रामबीर भट्टी, नरेश पांचाल, मिनाक्षी ठाकुर सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। दोनों कार्यक्रमों में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए संजय टंडन ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन से उन्होंने व्यक्तिगत रूप से बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा कि एक कार्यकर्ता को गढ़ना, उसे प्रेरित करना और अपने अनुभवों से समृद्ध करना—यह कार्य अटल से बेहतर शायद ही कोई कर सकता है। उन्होंने अपने संस्मरण साझा करते हुए बताया कि युवावस्था के दौरान अटल का उनके निवास पर आगमन हुआ था, और उस दौरान हुई बातचीत ने उनके जीवन पर गहरी और अमिट छाप छोड़ी। अटल ने उनके पिता से उन्हें पार्टी में सक्रिय रूप से कार्य करने के लिए कहा था और अपना आशीर्वाद भी प्रदान किया था।
संजय टंडन ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ऐसे महान नेता थे, जिनका सम्मान न केवल भाजपा कार्यकर्ताओं में, बल्कि सभी विपक्षी दलों के नेताओं में भी था। विपक्ष के नेता भी समय-समय पर उनके अनुभवों से मार्गदर्शन लेते थे। उन्होंने कहा कि अटल दूरदर्शी सोच के धनी नेता थे और सत्ता के गलियारों के सूक्ष्म जानकार भी थे। उनके द्वारा कही गई बातें आज एक-एक कर सत्य सिद्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अटल ने सत्ता के लालच में कभी अपने या पार्टी के आदर्शों से समझौता नहीं किया, भले ही एक वोट से उनकी सरकार गिर गई हो। उनके आदर्श, उच्च संस्कार और सिद्धांत आज भी राजनीति में नैतिकता का मार्गदर्शन करते हैं। अत्यंत सरल, सहज और विनम्र स्वभाव के धनी अटल बिहारी वाजपेयी इस सदी के महानतम नेताओं में से एक थे। संजय टंडन ने उपस्थित सभी लोगों से आह्वान किया कि वे अटल द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलें और उनके सपनों के भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।