August 31, 2026

एक ही छत के नीचे हो रहा नागरिकों की समस्याओं का समाधान : डीसी

0
Nnl 2

Narnaul News: मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों की श्रृंखला में सोमवार को लघु सचिवालय में उपायुक्त अनुपमा अंजली ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उपायुक्त ने शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंचे नागरिकों की बात धैर्यपूर्वक सुनी और अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
इस अवसर पर डीसी ने कहा कि समाधान शिविर की सबसे बड़ी खूबी यह है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहते हैं, जिससे समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान संभव हो पाता है।
उन्होंने कहा कि इससे न केवल नागरिकों के समय की बचत होती है, बल्कि प्रशासन के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत होता है।
डीसी ने बताया कि जिले के सभी उपमंडलों में प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में कोई भी नागरिक अपनी समस्या या शिकायत लेकर पहुंच सकता है और संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकता है।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लें और निर्धारित समयावधि में उसका निपटारा सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed