दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की
Mar 21, 2026 9:41 PM
नयी दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और राष्ट्रीय राजधानी के सर्वांगीण विकास को लेकर चर्चा की।
गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी से आत्मीय भेंट कर उनका मूल्यवान मार्गदर्शन प्राप्त किया। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दिल्ली के प्रति विशेष स्नेह से हमें हमेशा नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि इस प्रेरक भेंट के दौरान दिल्ली के समग्र विकास, बुनियादी ढांचे की मजबूती और जन-आकांक्षाओं की पूर्ति के संकल्प पर विस्तृत चर्चा हुई। माननीय प्रधानमंत्री जी के कुशल मार्गदर्शन और सतत् सहयोग से हम अपनी दिल्ली को प्रगति, समृद्धि और सुशासन की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत प्रेरणा और अपना बहुमूल्य समय देने के लिए माननीय प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ)द्वारा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में कहा गया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।