Search

Delhi Metro Update: दिल्ली मेट्रो फेज-4 का बड़ा अपडेट: इस साल के अंत तक शुरू होंगे 3 नए कॉरिडोर, 41 किमी बढ़ेगा नेटवर्क

Jun 07, 2026 12:35 PM

दिल्ली। राजधानी दिल्ली और उससे सटे एनसीआर के इलाकों में ट्रैफिक के भारी दबाव को कम करने के लिए दिल्ली मेट्रो अपने नेटवर्क को नया विस्तार देने जा रही है। फेज-4 के तहत चल रहे निर्माण कार्यों के पूरा होने के बाद इस साल के आखिर तक दिल्लीवासियों को तीन नए मेट्रो रूटों की सौगात मिल सकती है। इस विस्तार से न केवल सड़कों पर गाड़ियों का बोझ कम होगा, बल्कि प्रदूषण के स्तर में भी गिरावट आने की उम्मीद जताई जा रही है।

पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिणी दिल्ली के बीच का सफर होगा आसान

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में मजेंटा लाइन का विस्तार और बिल्कुल नई 'गोल्डन लाइन' का निर्माण सबसे खास है। जनकपुरी पश्चिम से आरके आश्रम मार्ग तक बनने वाली मजेंटा लाइन और एरोसिटी से तुगलकाबाद के बीच तैयार हो रही गोल्डन लाइन के शुरू होते ही दिल्ली के तीन बड़े छोर—पूर्व, पश्चिम और दक्षिण—एक-दूसरे से सीधे जुड़ जाएंगे। इस रूट के चालू होने से कामकाजी वर्ग और छात्रों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

रुकावटों को पार कर अंतिम दौर में पहुंचा निर्माण कार्य

गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 7 मार्च 2019 को ही फेज-4 के तहत तीन कॉरिडोर—मजलिस पार्क-मौजपुर (पिंक लाइन), जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम मार्ग (मजेंटा लाइन) और एरोसिटी-तुगलकाबाद (गोल्डन लाइन) को हरी झंडी दे दी थी। हालांकि, शुरुआती दौर में तत्कालीन दिल्ली सरकार से क्लीयरेंस मिलने में हुए विलंब और फिर पैर पसार चुकी कोरोना महामारी की वजह से जमीन पर काम काफी देर से शुरू हो पाया। इस साल मार्च 2024 में केंद्र ने लाजपत नगर-साकेत जी-ब्लॉक और इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ के रूप में दो और नए कॉरिडोर को मंजूरी दी है, जिसके बाद अब पुराने प्रोजेक्ट्स को इस साल के अंत तक पूरा करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी गई है।

मार्च में पीएम मोदी ने दी थी सौगात, अब अगले फेज की तैयारी

मेट्रो फेज-4 के कई हिस्सों पर परिचालन पहले ही शुरू किया जा चुका है। पिछले साल जनवरी में जनकपुरी पश्चिम से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन के बीच ट्रेनें दौड़ने लगी थीं। इसके बाद, इसी साल 8 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिंक लाइन के मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर कॉरिडोर और मजेंटा लाइन के दीपाली चौक से मजलिस पार्क खंड का औपचारिक उद्घाटन किया था। अब पूरा ध्यान मजेंटा लाइन के शेष 17.528 किलोमीटर लंबे हिस्से को चालू करने पर है, जो कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक और मजलिस पार्क से आरके आश्रम मार्ग को जोड़ेगा। इस पूरे सेक्शन में कुल 14 नए स्टेशन बनाए जा रहे हैं, जहां फिनिशिंग का काम अब युद्धस्तर पर चल रहा है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!