Rahul Roy Laughter Chefs: लाफ्टर शेफ्स में राहुल रॉय का बड़ा खुलासा, राहुल रॉय बोले- कभी दो गर्लफ्रेंड्स के बीच रंगे हाथों नहीं पकड़ा गया
Jun 07, 2026 1:33 PM
मनोरंजन। टेलीविजन के सबसे चर्चित कॉमेडी और कुकिंग शो ‘लाफ्टर शेफ्स’ का शनिवार का एपिसोड दर्शकों के लिए यादों के सफर जैसा रहा। शो में जब 90 के दशक के सबसे चहेते अभिनेता राहुल रॉय ने एंट्री ली, तो पूरा सेट तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस स्पेशल एपिसोड में अंकिता लोखंडे और तेजस्वी प्रकाश जैसी अभिनेत्रियों ने राहुल रॉय के सदाबहार गानों पर उनके साथ ताल से ताल मिलाई। वहीं, राहुल रॉय ने भी पुरानी यादों को ताजा करते हुए निया शर्मा के साथ किचन काउंटर संभाला।
"क्या वाकई आपकी 300 गर्लफ्रेंड्स थीं?"
शो की रौनक तब और बढ़ गई जब हंसी-मजाक के बीच कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक ने राहुल रॉय की लव लाइफ को लेकर एक पुराना किस्सा छेड़ दिया। कृष्णा ने सीधे पूछा, "राहुल सर, हमने एक अफवाह सुनी है कि पुराने दिनों में आपकी 300 गर्लफ्रेंड्स थीं?" यह सवाल सुनते ही राहुल रॉय के चेहरे पर पुरानी चमक लौट आई और वे बुरी तरह ब्लश करने लगे। इस बातचीत में विक्की जैन, अभिषेक कुमार, करण कुंद्रा और एल्विश यादव भी मजे लेते नजर आए। इसी बात पर भारती सिंह ने शो के युवा कंटेस्टेंट्स की खिंचाई करते हुए कहा कि आज के लड़कों को एक नहीं मिलती और राहुल सर का जलवा देखिए।
सोशल मीडिया न होने का मिला फायदा!
बातचीत का सिलसिला यहीं नहीं थमा। भारती सिंह ने राहुल रॉय से चटखारे लेते हुए पूछा कि क्या वे कभी एक गर्लफ्रेंड के रहते दूसरी के साथ रंगे हाथों पकड़े गए हैं? इस पर राहुल रॉय ने मुस्कुराते हुए 'ना' में सिर हिला दिया। तभी कृष्णा अभिषेक ने तपाक से पंच मारा कि उस दौर में इंस्टाग्राम या पैपराजी जैसी चीजें नहीं थीं, बस इसीलिए राहुल सर कभी पकड़े नहीं गए और हमेशा बच निकले। कृष्णा ने उस दौर के पागलपन का जिक्र करते हुए यह भी बताया कि स्टारडम के चरम पर लड़कियां राहुल रॉय को देखकर इस कदर दीवानी हो जाती थीं कि उनके कपड़े तक फट जाया करते थे।
सादगी के मजाक और संघर्षों पर झलका था दर्द
भले ही शो के मंच पर राहुल रॉय खिलखिलाते नजर आए, लेकिन बीते कुछ दिन उनके लिए मानसिक रूप से काफी उतार-चढ़ाव वाले रहे हैं। दरअसल, पिछले दिनों एक कंटेंट क्रिएटर के साथ कुछ रील्स वीडियो बनाने को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने उनका मजाक उड़ाया था। इस ट्रोलिंग से आहत होकर एक्टर ने अपने इंस्टाग्राम पर एक बेहद भावुक पोस्ट साझा की थी।
राहुल ने लिखा था, "मैं अपना काम पूरी ईमानदारी और विनम्रता के साथ कर रहा हूं। मुझे कुछ पुराने कानूनी मामलों और ब्रेन स्ट्रोक के समय के मेडिकल बिलों का भुगतान करना है। अगर कोई मेरी सादगी और मेरे संघर्षों का मजाक उड़ाता है, तो यह मेरी नहीं बल्कि उस इंसान की सोच को दर्शाता है।" राहुल रॉय के इस बेबाक और संजीदा बयान के बाद इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों ने उनका खुलकर समर्थन किया था।