Search

Bonnie Locket Marries Herself: प्यार में मिला धोखा तो स्पेन की मॉडल ने खुद से ही रचा ली शादी

Jun 07, 2026 12:57 PM

शादी का ख्याल आते ही आमतौर पर सात फेरे, कसमें-वादे और दो लोगों का मिलन जेहन में आता है। मगर, स्पेन की रहने वाली मॉडल और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर बोनी लॉकेट ने इस पारंपरिक परिभाषा को पूरी तरह बदल दिया है। बार-बार प्यार में फरेब का शिकार हुईं बोनी ने यह साबित कर दिया है कि अपनी खुशियों के लिए किसी दूसरे के सहारे की जरूरत नहीं होती। उन्होंने खुद से शादी (Sologamy) करने का फैसला कर पूरी दुनिया का ध्यान अपनी तरफ खींचा है।

पति की बेवफाई ने अंदर तक झकझोर दिया था

बोनी लॉकेट की जिंदगी की कहानी किसी फिल्मी दास्तान से कम नहीं है। वह एक शख्स के साथ करीब 11 साल तक रिलेशनशिप में रहीं और साल 2023 में दोनों ने धूमधाम से शादी कर ली। बोनी को लगा कि उनकी जिंदगी अब पटरी पर आ गई है, लेकिन शादी के महज 9 महीने बाद ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्हें पता चला कि उनका पति उनकी ही एक बिजनेस प्रतिद्वंद्वी महिला के साथ अफेयर में था। इस धोखे ने बोनी को भीतर से तोड़ दिया और उन्होंने तुरंत तलाक ले लिया। इसके बाद उन्होंने एक और नया रिश्ता शुरू किया, लेकिन वहां भी उन्हें केवल फरेब ही नसीब हुआ।

जब जीने की इच्छा खो बैठी थीं बोनी

लगातार मिले मानसिक आघात और इसी बीच परिवार के एक बेहद करीबी सदस्य की मौत ने बोनी को गहरे डिप्रेशन में धकेल दिया। हालात इस कदर बदतर हो गए थे कि उनके मन में अपनी जीवनलीला समाप्त करने तक के आत्मघाती विचार आने लगे थे। इस अंधेरे वक्त में उनके दोस्तों, रेगुलर थेरेपी सेशन्स और उनके पालतू डॉग ने उन्हें संभाला। धीरे-धीरे बोनी को समझ आया कि दुनिया में सबसे ज्यादा प्यार और सम्मान उन्हें खुद से ही मिलना चाहिए।

48 लाख का खर्च और अतीत के जख्मों पर मरहम

खुद को फिर से जिंदादिल बनाने की इस कोशिश के बीच कुछ महीने पहले इंटरनेट पर बोनी की नजर एक खूबसूरत यलो डायमंड रिंग पर पड़ी। उन्होंने किसी और के इंतजार को दरकिनार कर 23 लाख रुपये की वह अंगूठी खुद के लिए खरीद ली। इसके बाद सूटकेस में बंद उनकी पुरानी डिजाइनर वेडिंग ड्रेस बाहर निकली, जिसकी कीमत करीब 17 लाख रुपये थी। बोनी ने तय किया कि जो यादें उन्हें दर्द देती थीं, अब वो उन्हीं यादों को एक नया और सकारात्मक मोड़ देंगी।

उन्होंने इबीजा के खूबसूरत समंदर किनारे करीब 48 लाख रुपये खर्च कर एक आलीशान शादी समारोह का आयोजन किया। इस अकेले विवाह में उन्होंने खुद की उंगली में अंगूठी पहनाई और ताउम्र खुद से वफादार रहने की कसम खाई। बोनी का कहना है कि यह शादी पुरुषों के खिलाफ कोई बगावत नहीं है, बल्कि यह खुद को स्वीकार करने और खुद का सम्मान करने का एक जश्न है, जो हर इंसान को मनाना चाहिए।

You may also like:

Please Login to comment in the post!