फरीदाबाद में महा-बुलडोजर एक्शन: कांग्रेस कार्यालय से लेकर अस्पतालों तक पर चला निगम का 'पीला पंजा'
May 01, 2026 1:34 PM
फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में अतिक्रमणकारियों और नियमों को ताक पर रखकर व्यावसायिक गतिविधि चलाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने अपना रुख बेहद सख्त कर लिया है। गुरुवार को लगातार दूसरे दिन शहर के पॉश इलाकों—सेक्टर 9, 10, 11 और 12 की डिवाइडिंग रोड पर बुलडोजर का एक्शन देखने को मिला। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निगम की टीम ने सड़क किनारे अवैध रूप से बने गेट, रैंप, शटर और अन्य पक्के निर्माणों को मिट्टी में मिला दिया। इस कार्रवाई की सबसे ज्यादा चर्चा सेक्टर-12 में रही, जहाँ कांग्रेस कार्यालय के बाहरी हिस्से पर भी निगम का बुलडोजर चला, जिससे राजनीतिक गलियारों में भी खलबली मच गई।
वीआईपी इलाकों में टूटे अवैध निर्माणों के घेरे
नगर निगम की यह कार्रवाई उन अवैध कब्जों पर केंद्रित रही, जिन्होंने मुख्य सड़कों की चौड़ाई को कम कर दिया था। सेक्टर-10 और 11 की डिवाइडिंग रोड पर स्थित कई नामी अस्पतालों, कॉर्पोरेट दफ्तरों और ब्यूटी सैलून के बाहर बने अवैध रैंप और एंट्री गेट्स को जेसीबी की मदद से ढहा दिया गया। कार्रवाई इतनी त्वरित थी कि दुकानदारों और दफ्तर संचालकों को अपना कीमती सामान हटाने तक का मौका नहीं मिला। निगम अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि रिहायशी नक्शों पर व्यावसायिक काम करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
'अचानक हुई कार्रवाई से लाखों का फटका'
तोड़फोड़ की इस मुहिम से प्रभावित व्यापारियों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। सेक्टर-10 में स्थित एक प्रमुख सैलून के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि निगम की इस अचानक हुई कार्रवाई में उनके सैलून का फ्रंट हिस्सा और मुख्य प्रवेश द्वार पूरी तरह बर्बाद हो गया है। सिद्धार्थ के मुताबिक, "हमें सीधे तौर पर कोई नोटिस नहीं मिला था, हालांकि मालिक के पास कागजी कार्रवाई की बात कही जा रही है। लेकिन बिना किसी पूर्व सूचना के इस तरह की तोड़फोड़ से लाखों रुपये का नुकसान हो गया है।"
राजनीतिक कार्यालय भी नहीं रहे सुरक्षित
इस पूरे अभियान में नगर निगम ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि कार्रवाई के दौरान किसी भी रसूखदार को रियायत नहीं दी जाएगी। सेक्टर-12 स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने किए गए अतिक्रमण को जब बुलडोजर ने ढहाना शुरू किया, तो मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। कांग्रेस कार्यालय का गेट और सामने का चबूतरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। फिलहाल, पूरे इलाके में डर का माहौल है और निगम की टीम ने साफ कर दिया है कि अगले कुछ दिनों तक शहर के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह का सफाई अभियान जारी रहेगा।