Punjab News: कपूरथला में सनसनीखेज वारदात, गैंगस्टर सुक्खा काहलवां के राइट हैंड का मर्डर, अज्ञात हमलावरों ने चलाई ताबड़तोड़ गोलियां
May 01, 2026 2:12 PMकपूरथला: पंजाब के कपूरथला जिले के ढिलवां क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई, जिसमें गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना जीटी रोड पर एवन पैलेस के पास हुई, जहां गुरप्रीत अपनी कार में ड्राइवर सीट पर बैठा हुआ था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर मौके पर पहुंचे और कार के सामने से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमले में गुरप्रीत को कई गोलियां लगीं और वह सीट पर ही लुढ़क गया। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार हमलावरों ने करीब 5 से 7 राउंड फायर किए, जिनमें से कई गोलियां कार के फ्रंट शीशे को तोड़ते हुए सीधे गुरप्रीत के सीने में जा लगीं। हमला इतना अचानक हुआ कि उसे संभलने या भागने का मौका तक नहीं मिला। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई और शव कार की ड्राइवर सीट पर पड़ा मिला। मृतक की पहचान गांव जैरामपुर निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह कुख्यात गैंगस्टर सुक्खा काहलवां का करीबी सहयोगी था और उसके हत्या मामले में अहम गवाह भी था। बताया जा रहा है कि इस केस में अन्य गवाह मुकर चुके थे, लेकिन गोपी ने अपना बयान नहीं बदला था।
सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी
घटना के बाद डोनी बल नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में दावा किया गया कि मृतक उनके विरोधी गुट से जुड़ा था और पहले भी उनके लोगों के खिलाफ कार्रवाई करता था। हालांकि पुलिस इस दावे की पुष्टि करने की कोशिश कर रही है और इसकी जांच जारी है। घटना की सूचना मिलते ही ढिलवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल कपूरथला की मोर्चरी में रखवाया गया। एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विभिन्न टीमों को जांच के लिए लगाया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें अवैध हथियार रखने, डकैती और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहराई से जांच कर रही है। गौरतलब है कि गैंगस्टर सुक्खा काहलवां की 22 जनवरी 2015 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह वारदात उस समय हुई थी जब उसे अदालत में पेशी के बाद नाभा जेल ले जाया जा रहा था। काहलवां पर हत्या, अपहरण और वसूली के कई मामले दर्ज थे और वह पंजाब के कुख्यात शार्पशूटर्स में गिना जाता था।