Search

कैथल में ठगी का डबल अटैक: किसान से कनाडा के नाम पर 13 लाख और युवक से शेयर मार्केट में 7 लाख की लूट

May 01, 2026 3:18 PM

कैथल। विदेश जाने की चाहत अब हरियाणा के किसानों के लिए जी का जंजाल बनती जा रही है। ताजा मामला कैथल के गांव जसवंती का है, जहाँ एक किसान राम बिलास को अपने बेटे अभिनूर को कनाडा भेजने की हसरत इतनी भारी पड़ी कि उन्हें लाखों रुपये गंवाने पड़े। आरोपी कपिल शर्मा, जो सेक्टर-20 का निवासी है, ने खुद को बड़ा वीजा कंसल्टेंट बताकर राम बिलास का विश्वास जीता। स्टडी वीजा के नाम पर आरोपी ने कुल 26.21 लाख रुपये अलग-अलग खातों में जमा करवा लिए।

विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने व्हाट्सएप पर 15,540 डॉलर की फीस जमा होने की फर्जी रसीद भी भेजी। असलियत तब खुली जब पीड़ित ने खुद कॉलेज से संपर्क किया। वहां पता चला कि कॉलेज में महज 1500 डॉलर ही जमा हुए थे और छात्र का वीजा जून 2025 में ही रद्द हो चुका था। जब किसान ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी कपिल शर्मा ने उसे जान से मारने की धमकी दी और खुद को विदेश में होना बताया। हालांकि, कॉलेज से रिफंड की प्रक्रिया के बाद पीड़ित को 12.70 लाख रुपये वापस मिल गए, लेकिन शेष राशि के लिए अब पुलिस खाक छान रही है। जांच अधिकारी एसआई अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है।

शेयर मार्केट के 'वर्चुअल प्रॉफिट' में उलझा पूंडरी का युवक

ठगी का दूसरा मामला पूंडरी की इंद्रा कॉलोनी से सामने आया है, जहाँ शुभम नाम का युवक साइबर अपराधियों के बिछाए जाल में फंस गया। 9 जनवरी 2026 को शुभम को एक व्हाट्सएप ग्रुप 'वीआईपी चैट ग्रुप-317' में जोड़ा गया। यहाँ उसे शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने के सुनहरे सपने दिखाए गए। ठगों ने एक वेबसाइट के जरिए शुभम का वर्चुअल अकाउंट बनाया, जिसमें उसे भारी भरकम मुनाफा दिखने लगा।   

शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए ठगों ने शुभम के खाते में कुछ छोटी राशि भी भेजी। इसी लालच में आकर शुभम ने अलग-अलग किश्तों में कुल 7.05 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। खेल तब समझ आया जब उसने अपना पैसा निकालना चाहा। ठगों ने टैक्स और अन्य चार्जेस के नाम पर और पैसों की मांग शुरू कर दी। साइबर थाना के एसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और यूपीआई आईडी व बैंक खातों की तकनीकी जांच की जा रही है।


You may also like:

Please Login to comment in the post!