Search

गुरदासपुर डकैती: तीन करोड़ रुपये की लूट में इस्तेमाल की गई कार होशियारपुर में मिली

Mar 07, 2026 9:24 AM

होशियारपुर: पंजाब के गुरदासपुर जिले में एक जौहरी के परिवार को बंधक बनाकर तीन करोड़ रुपये से अधिक की नकदी और आभूषण लूटने वाले लुटेरों द्वारा इस्तेमाल की गई कार शुक्रवार को होशियारपुर के टांडा के पास मिली। पुलिस ने यह जानकारी दी। टांडा के थाना प्रभारी गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने कहा कि वाहन होशियारपुर-टांडा रोड पर पाहंडोरी गांव के पास मिला। अधिकारी ने कहा, ''कार की चाबियां अंदर थीं।'' उन्होंने कहा कि खेत में काम कर रहे एक मजदूर ने पुलिस को बताया कि दो लोगों ने वहां गाड़ी खड़ी की और सड़क पार कर दूसरी तरफ चले गए।

उन्होंने बताया कि गुरदासपुर से एक पुलिस टीम वाहन की जांच के लिए मौके पर पहुंच गई है। बृहस्पतिवार को, चार अज्ञात लोगों ने गुरदासपुर जिले में एक जौहरी के परिवार को उनके आवास पर बंधक बना लिया और तीन करोड़ रुपये से अधिक की नकदी और आभूषण लेकर भाग गए। परिवार के अनुसार लुटेरे सुबह लगभग 8.15 बजे घर में घुस गए और नकदी एवं आभूषण लेकर भागने से पहले दो बच्चों सहित परिवार के सदस्यों के हाथ-पैर बांध दिए और उनके मुंह पर टेप लगा दिया। पुलिस ने बताया कि लुटेरे करीब एक घंटे तक घर के अंदर रहे।

You may also like:

Please Login to comment in the post!