Search

Sanjiv Arora Case: भोंडसी जेल पहुंचे अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान, जीएसटी घोटाले में बंद संजीव अरोड़ा से की मुलाकात

May 23, 2026 4:31 PM

गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम स्थित भोंडसी जेल में शनिवार को उस समय सियासी सरगर्मियां अचानक बढ़ गईं, जब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल वहां पहुंचे। आम आदमी पार्टी के दोनों शीर्ष नेता दिल्ली से सीधे रवाना होकर भोंडसी जेल पहुंचे। वहां उन्होंने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में बंद पार्टी के नेता संजीव अरोड़ा से मुलाकात की। जेल मैनुअल के तहत प्रशासन से बकायदा अनुमति लेने के बाद दोनों नेताओं को अरोड़ा से मिलने दिया गया। एक अलग कमरे में करीब 20 मिनट तक चली इस मुलाकात के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।

₹100 करोड़ के फर्जी जीएसटी घोटाले का है मामला

गौरतलब है कि संजीव अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इसी महीने 9 मई को गिरफ्तार किया था। उन पर कागजों में हेरफेर करके ₹100 करोड़ से अधिक का फर्जी जीएसटी घोटाला करने और मनी लॉन्ड्रिंग को अंजाम देने का गंभीर आरोप है। गिरफ्तारी के बाद विशेष अदालत ने अरोड़ा को पहले 7 दिन और फिर पूछताछ अधूरी रहने पर दो दिन की अतिरिक्त ईडी रिमांड पर भेजा था। रिमांड अवधि के दौरान केंद्रीय एजेंसी ने उनसे लंबी पूछताछ की, जिसके बाद अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत के तहत भोंडसी जेल भेज दिया था।

फर्जी एक्सपोर्ट और शेल कंपनियों के जरिए हेरफेर

जांच एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे खेल की शुरुआत साल 2023 में हुई थी, जब संजीव अरोड़ा की कंपनी एचएसआरएल (HSRL) पर सिर्फ कागजों के भीतर 157.12 करोड़ रुपये के मोबाइल फोन बेचने का शक हुआ। इसके साथ ही दुबई में 102 करोड़ रुपये के फर्जी एक्सपोर्ट का भी मामला सामने आया। आरोप है कि दिल्ली की कई शेल (फर्जी) कंपनियों के जरिए गलत तरीके से जीएसटी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) क्लेम किया गया। विदेशी लेनदेन में गड़बड़ी की भनक लगते ही ईडी ने अप्रैल 2026 में पहली बार फेमा के तहत अरोड़ा के ठिकानों पर रेड की थी, जिसके बाद कड़ियां जुड़ती चली गईं।

चंडीगढ़ से हुई थी गिरफ्तारी, पंजाब में सियासी घमासान तेज

मामले की गंभीरता को देखते हुए ईडी ने 5 मई 2026 को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत नया मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद 9 मई को चंडीगढ़, दिल्ली और गुरुग्राम में एक साथ 5 ठिकानों पर छापेमारी की गई। चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित सरकारी आवास पर कई घंटों की सघन पूछताछ के बाद ईडी ने संजीव अरोड़ा को आधिकारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया था। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद से ही पंजाब और दिल्ली की राजनीति में उबाल है। आम आदमी पार्टी जहां इसे केंद्र सरकार का राजनीतिक प्रतिशोध बता रही है, वहीं भाजपा इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ एक न्यायसंगत कार्रवाई करार देकर 'आप' पर हमलावर है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!