Search

गुरुग्राम में निर्माण स्थल हादसा: 7 मजदूरों की मौत के बाद कार्रवाई, प्रोजेक्ट मैनेजर और साइट प्रभारी गिरफ्तार

Mar 11, 2026 11:17 AM

गुरुग्राम। दिल्ली से सटे गुरुग्राम में एक निर्माण स्थल पर हुए बड़े हादसे ने मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिधरावली इलाके में स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी के निर्माण स्थल पर सोमवार शाम मिट्टी का बड़ा ढेर गिरने से सात मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद गुरुग्राम पुलिस ने परियोजना प्रभारी दिनेश्वर और साइट प्रभारी विकास को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले में जांच शुरू कर दी गई है।

हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन और राहत एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

मलबे में दबे 12 से 15 मजदूर

अधिकारियों के अनुसार हादसे के समय निर्माण स्थल पर कई मजदूर काम कर रहे थे। अचानक मिट्टी का ढेर गिरने से करीब 12 से 15 मजदूर मलबे में दब गए।

राहत टीमों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और मजदूरों को बाहर निकाला। घायलों को भिवाड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सात मजदूरों को मृत घोषित कर दिया गया।

दम घुटने से मौत की आशंका

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मृतकों का पोस्टमॉर्टम गुरुग्राम में कराया जाएगा। शुरुआती जानकारी के अनुसार मजदूरों की मौत दम घुटने से होने की आशंका जताई जा रही है।

घायलों में इंद्रजीत, छोटेलाल और शिवकाम चौधरी नेपाल के निवासी बताए गए हैं। हादसे में जान गंवाने वालों में सतीश राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे, जबकि बाकी मजदूर झारखंड के बताए गए हैं।

सुरक्षा इंतजामों में बड़ी लापरवाही

हादसे के बाद लेबर विभाग ने निर्माण स्थल की जांच की। विभाग के अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार साइट पर करीब 30 फीट गहरी खुदाई चल रही थी, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।

जांच में सामने आया कि बिना शोरिंग और सपोर्ट सिस्टम के खुदाई का काम किया जा रहा था। साइट पर एम्बुलेंस और स्ट्रेचर भी उपलब्ध नहीं थे और बिजली के खुले तार तथा असुरक्षित कनेक्शन पाए गए।

निर्माण कार्य पर फिलहाल रोक

प्रशासन ने हादसे के बाद निर्माण स्थल पर काम बंद करवा दिया है। लेबर विभाग ने कंपनी से पूरी कम्प्लायंस रिपोर्ट मांगी है और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया गया है।

मृतकों के परिवारों ने इस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है। प्रशासन ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और मामले की जांच के लिए समिति भी गठित की गई है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!