Search

11 एकड़ जमीन और 17 करोड़ की ठगी: गुरुग्राम पुलिस ने नोएडा से दबोचा जालसाज बिल्डर

May 10, 2026 3:45 PM

गुरुग्राम। जमीन के सौदे में धोखाधड़ी की यह दास्तान अगस्त 2024 से शुरू हुई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, नियॉन इंफ्रा कंस्ट्रक्शन सॉल्यूशन कंपनी के कर्ता-धर्ताओं ने उन्हें पलवल जिले के गांव घुघेरा में स्थित लगभग 11.33 एकड़ जमीन के लुभावने दस्तावेज दिखाए। आरोपियों ने खुद को जमीन का असल मालिक बताते हुए 1 अगस्त 2024 को एक 'एग्रीमेंट टू सेल' तैयार किया। जमीन की कुल कीमत और अन्य सरकारी खर्चों के नाम पर आरोपियों ने धीरे-धीरे पीड़ित पक्ष से लगभग 17 करोड़ रुपये ऐंठ लिए।

न रजिस्ट्री हुई, न पैसा वापस मिला

पैसे लेने के बाद जब रजिस्ट्री की बारी आई, तो आरोपियों ने असली चेहरा दिखाना शुरू कर दिया। पीड़ित को महीनों तक रजिस्ट्री के नाम पर गुमराह किया गया। कभी कागजी अड़चनों का बहाना बनाया गया तो कभी कोई और तकनीकी दिक्कत। जब पीड़ित को शक हुआ और उन्होंने दबाव बनाया, तो आरोपियों ने अपने मोबाइल बंद कर लिए और संपर्क पूरी तरह काट दिया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस की शरण ली, जिसके बाद सेक्टर-40 थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ।

कंपनी के खाते में मंगवाई ठगी की राशि

गुरुग्राम पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-I ने जब मामले की पड़ताल शुरू की, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के मुताबिक, ठगी की पूरी राशि सीधे आरोपी की कंपनी 'नियॉन इंफ्रा कंस्ट्रक्शन सॉल्यूशन' के बैंक खाते में ट्रांसफर करवाई गई थी। जांच में पता चला कि महेश मुगम ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक पूरी योजना बनाई थी। उन्होंने जो एग्रीमेंट तैयार किया था, वह भी फर्जी निकला। जमीन का वह टुकड़ा वास्तव में उस स्थिति में था ही नहीं जैसा दस्तावेजों में दिखाया गया था।

अन्य फरार साथियों की तलाश जारी

पुलिस ने नोएडा से महेश मुगम को गिरफ्तार कर लिया है, जो स्नातक पास है और काफी समय से इस धंधे में शामिल है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि ठगी गई करोड़ों की रकम की रिकवरी की जा सके। इसके अलावा, मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस गिरोह ने गुरुग्राम या आसपास के इलाकों में अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!