गुरुग्राम: आईएमटी मानेसर में धू-धू कर जला स्क्रैप गोदाम, सुबह-सुबह आसमान में दिखा धुएं का गुबार
Mar 27, 2026 1:38 PM
गुरुग्राम। औद्योगिक नगरी मानेसर के गांव कांकरौला में शुक्रवार की सुबह दहशत भरी रही। आईएमटी सेक्टर-5 के एक स्क्रैप गोदाम में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते पूरे इलाके को काले धुएं की चादर से ढक दिया। गोदाम में रखे प्लास्टिक, फाइबर और अन्य कबाड़ के सामान ने आग के लिए ईंधन का काम किया, जिससे लपटें इतनी ऊंची उठीं कि दूर-दराज के इलाकों से भी मंजर साफ नजर आ रहा था। गनीमत यह रही कि हादसा तड़के हुआ, जिससे किसी जानमाल के नुकसान की खबर फिलहाल नहीं है।
प्लास्टिक के ढेर ने बढ़ाई मुश्किलें, बुलानी पड़ी जेसीबी
दमकल विभाग को सुबह करीब 06:45 बजे आग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मानेसर के अलावा गुरुग्राम के सेक्टर-37 और सेक्टर-29 से दमकल की गाड़ियां रवाना की गईं। मारुति सुजुकी के फायर टेंडर भी मदद के लिए मौके पर पहुंचे। दमकल अधिकारी ललित वर्मा ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान सबसे बड़ी चुनौती प्लास्टिक का कचरा बना। पानी डालने पर वह ऊपर ही रह जाता था और नीचे सुलग रही आग दोबारा भड़क उठती थी। स्थिति को बिगड़ता देख विभाग ने तुरंत जेसीबी मशीनों को मौके पर बुलाया। जेसीबी से कबाड़ के ढेरों को इधर-बदल किया गया, जिसके बाद पानी की बौछारें आग की जड़ों तक पहुंच सकीं।
आग के कारणों पर सस्पेंस, जांच में जुटा प्रशासन
दमकल विभाग और पुलिस की शुरुआती जांच में अभी तक आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि, कयास लगाए जा रहे हैं कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ होगा, लेकिन अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं। ललित वर्मा के मुताबिक, "हमारी प्राथमिकता पहले आग को रिहायशी इलाकों की तरफ बढ़ने से रोकने की थी, जिसमें हम सफल रहे। अब गहन जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि लापरवाही कहां हुई।"
इलाके में सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवाल
मानेसर के इस औद्योगिक क्षेत्र में स्क्रैप गोदामों में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इन गोदामों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है और अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम नहीं होते। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है, लेकिन एहतियात के तौर पर एक गाड़ी अभी भी मौके पर तैनात है ताकि अगर दोबारा कहीं से धुआं उठे तो उसे तुरंत दबाया जा सके।