चंडीगढ़: हरियाणा के मंत्री अनिल विज और कैथल की पुलिस अधीक्षक (एसपी) उपासना के बीच शुक्रवार को एक पुलिसकर्मी के निलंबन को लेकर तीखी बहस देखने को मिली। भाजपा नेता ने जमीन से जुड़े एक मामले में एक पुलिस अधिकारी को निलंबित करने का निर्देश दिया था, लेकिन एसपी उपासना ने कहा कि यह आदेश लागू करना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्रालयों के प्रभारी विज कैथल में जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक के दौरान विज ने एसपी उपासना को बताया कि उन्होंने जमीन से जुड़े एक मामले में जांच लंबित रहने तक एक सहायक उपनिरीक्षक को निलंबित करने का निर्देश दिया है। कैथल के एक निवासी ने इस मामले में एएसआई पर आरोप लगाए थे। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की अधिकारी उपासना ने जवाब में कहा कि चूंकि संबंधित एएसआई पड़ोसी जिले का है, इसलिए उसे निलंबित करने का अधिकार उनके पास नहीं है।


विज ने उपासना से कहा कि वह उन्हें पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखने का निर्देश दे रहे हैं। विज ने एसपी उपासना से कहा, ‘‘मैं उसे (एएसआई को) निलंबित करने का आदेश दे रहा हूं।’’ हालांकि, आईपीएस अधिकारी ने कहा कि उनके पास एएसआई को निलंबित करने का अधिकार नहीं है, यह अधिकार कुरुक्षेत्र के एसपी या हरियाणा के डीजीपी के पास है। इसके बाद विज ने उपासना से कहा कि अगर उनके पास उनके निर्देश का पालन करने का अधिकार नहीं है तो वह चली जाएं, और मंत्री ने फिर से याद दिलाया कि उन्होंने उन्हें निलंबन लागू करने के लिए डीजीपी को पत्र लिखने को कहा है। बैठक के एक वीडियो के अनुसार विज ने कहा, ‘‘मेरा आदेश पूरे हरियाणा में चलता है, जिस पर वहां मौजूद लोग तालियां बजाने लगे।’’ यह पहली घटना नहीं है जब विज और किसी पुलिस अधिकारी के बीच तीखी बहस हुई हो।


तीन महीने पहले, कैथल में इसी तरह की शिकायत निवारण बैठक में विज की एक पुलिस अधिकारी से नोकझोंक हो गई थी, जिसने कथित तौर पर मंत्री के निर्देश की अनदेखी की थी। विज ने आरोप लगाया था कि पुलिस अधिकारी ने धोखाधड़ी के मामले में ‘शून्य प्राथमिकी’ दर्ज करने के उनके निर्देश को नजरअंदाज किया था। एसपी ने जवाब दिया, ‘‘मैं यह लिख तो सकती हूं लेकिन मैं (एएसआई को) निलंबित नहीं कर सकती।’’ इस मामले के शिकायतकर्ता, जो बैठक में मौजूद था, ने एसपी की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘मैडम, आप हर बार ऐसा ही करती हैं।’’ हालात को तनावपूर्ण होते देख कैथल की उपायुक्त अपराजिता ने विज से कहा कि एसपी कह रही हैं कि वह डीजीपी को पत्र लिखेंगी। विज ने कैथल की एसपी की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘आप डीजीपी को लिखिए कि उसे (एएसआई को) निलंबित किया जाए… मैं देखूंगा कि कौन (आदेश) नहीं मानता।’’

You may also like:

Please Login to comment in the post!