Search

अंबाला रेलवे CIA का बड़ा धमाका: एमपी से पंजाब जा रहा 60 किलो नशा पकड़ा, 6 तस्कर गिरफ्तार

Apr 17, 2026 3:10 PM

अंबाला। अंबाला पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत रेलवे सीआईए को एक बड़ी कामयाबी मिली है। नशा तस्करी के लिए रेलवे नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है। ये तस्कर मध्य प्रदेश से नशे की एक बड़ी खेप लेकर पंजाब जा रहे थे, लेकिन अंबाला पहुंचते ही कानून के शिकंजे में फंस गए।

मध्य प्रदेश से पंजाब तक फैला है तस्करी का जाल

सीआईए इंचार्ज के मुताबिक, पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि मध्य प्रदेश से आने वाली एक ट्रेन में तस्करों का एक ग्रुप भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर आ रहा है। जैसे ही ट्रेन अंबाला कैंट स्टेशन पर रुकी, सीआईए की टीम ने संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान 6 व्यक्तियों के पास मौजूद बैग्स की तलाशी ली गई, जिसमें से कुल 60 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। पकड़े गए सभी आरोपी पंजाब के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं, जो लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त बताए जा रहे हैं।

रिमांड पर खुलेगा 'बैकएंड' का राज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया। कोर्ट ने 5 आरोपियों को न्यायिक हिरासत (ज्यूडिशियल) में भेजने के आदेश दिए हैं, जबकि एक आरोपी को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। सीआईए इंचार्ज ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी ताकि उस मुख्य स्रोत (Sourse) का पता लगाया जा सके, जहां से यह नशा खरीदा गया था।

"सप्लायर्स को भी नहीं बख्शेंगे"

रेलवे पुलिस का कहना है कि उनकी टीमें अब उस नेटवर्क को खंगाल रही हैं, जो मध्य प्रदेश में बैठकर इन तस्करों को माल की सप्लाई कर रहा था। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मध्य प्रदेश में छापेमारी कर मुख्य सप्लायर्स को भी गिरफ्तार किया जाएगा। अंबाला कैंट स्टेशन पर इस कार्रवाई के बाद से अन्य तस्करों में भी हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि भविष्य में भी ट्रेनों और रेलवे परिसर में विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेगा ताकि अंबाला को नशे के ट्रांजिट पॉइंट के रूप में इस्तेमाल होने से रोका जा सके।

You may also like:

Please Login to comment in the post!