Search

Trains Cancelled List: दिल्ली-अंबाला जाने वाले नोट कर लें लिस्ट, 6 जून तक कई ट्रैन रद्द

May 30, 2026 12:55 PM

हरियाणा। जीटी रोड बेल्ट के सहारे दिल्ली, पानीपत, कुरुक्षेत्र और अंबाला के बीच रोजाना सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए सफर की प्लानिंग करने से पहले यह खबर देखना बेहद जरूरी है। उत्तर रेलवे ने इस व्यस्त रूट पर पड़ने वाले शाहाबाद मारकंडा और मोहरी रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक इंटरलॉकिंग पैनल लगाने का काम शुरू किया है। इस तकनीकी अपग्रेडेशन और मरम्मत कार्य के चलते रेलवे ने भारी ट्रैफिक ब्लॉक लिया है, जिसका सीधा असर दिल्ली-अंबाला मुख्य रेलमार्ग पर चलने वाली ट्रेनों पर पड़ने लगा है। इस वजह से यात्रियों को मजबूरन निजी वाहनों या बसों का सहारा लेना पड़ेगा, जिससे जेब और समय दोनों पर मार पड़ेगी।

पहले ही दिन रूट से भटकीं गाड़ियां, मेरठ-सहारनपुर होकर भेजी गईं ट्रेनें

रेलवे प्रशासन की मानें तो इस ब्लॉक का असर धरातल पर दिखने लगा है। पहले ही दिन तीन बड़ी एक्सप्रेस ट्रेनें अपने तय रूट पानीपत-सोनीपत होकर नहीं गुजर सकीं। इनमें हावड़ा से कालका जाने वाली ट्रेन नंबर 12311 नेताजी एक्सप्रेस, पुणे से जम्मू जाने वाली 11077 झेलम एक्सप्रेस और टाटा-जम्मूतवी मूरी एक्सप्रेस (18101) शामिल हैं। इन तीनों गाड़ियों को दिल्ली से पानीपत-करनाल के बजाय खुर्जा जंक्शन, मेरठ सिटी और सहारनपुर के रास्ते घुमाकर अंबाला कैंट पहुंचाया गया।

3 जून तक बदला रहेगा इन वीआईपी ट्रेनों का रास्ता

रेलवे की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक, रूट डायवर्जन का यह सिलसिला अगले कुछ दिनों तक लगातार जारी रहेगा। ट्रेन नंबर 12311 (नेताजी एक्सप्रेस) और ट्रेन नंबर 11077 (झेलम एक्सप्रेस) आगामी 3 जून तक सोनीपत-पानीपत ट्रैक पर नहीं आएंगी। वहीं, मुरी एक्सप्रेस (18101) को लेकर बड़ा अपडेट है कि यह गाड़ी 31 मई और 3 जून को दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर पूरी तरह रद्द (कैंसिल) रहने वाली है।

4 जून से लेकर 6 जून तक की प्रभावित ट्रेनों की पूरी लिस्ट

ब्लॉक के चलते प्रभावित होने वाली गाड़ियों की सूची काफी लंबी है:

4 जून तक डायवर्ट ट्रेनें: 30 मई से लेकर 4 जून तक हिमाचल एक्सप्रेस (14053/54), जम्मू मेल (20434) और डाउन रूट की नेताजी एक्सप्रेस (12312) बदले हुए मार्ग से चलेंगी।

संभलपुर और मूरी एक्सप्रेस: संभलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस (18309) आगामी 30 मई, 1 और 2 जून को तथा मूरी एक्सप्रेस (18102) 30 मई, 1 व 3 जून को डायवर्टेड रूट से चलाई जाएगी।

पश्चिम एक्सप्रेस: मुंबई से अमृतसर जाने वाली पश्चिम एक्सप्रेस (12925) को 5 जून को रूट बदलकर चलाया जाएगा।

6 जून को ये ट्रेनें रहेंगी पूरी तरह रद्द: 6 जून को सफर करने वाले ध्यान दें कि दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस (14079/80) और भटिंडा एक्सप्रेस (14507/08) अप और डाउन दोनों दिशाओं में पूरी तरह निरस्त रहेगी। इसके अलावा इसी दिन आम्रपाली एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस और पठानकोट-दिल्ली ट्रेन भी पानीपत के बजाय दूसरे रूट से अपनी मंजिल तय करेंगी।

You may also like:

Please Login to comment in the post!