दिल्ली-एनसीआर में बम का अलर्ट: अंबाला-रेवाड़ी रेलवे ट्रैक निशाने पर, गुरुग्राम के स्कूलों में कराई गई छुट्टी
Apr 29, 2026 11:24 AM
हरियाणा। राजधानी दिल्ली और पड़ोसी राज्य हरियाणा में आज की सुबह दहशत लेकर आई। गुरुग्राम के करीब आधा दर्जन नामी स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला है। मामला केवल स्कूलों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि धमकी देने वाले ने दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले और हरियाणा के अंबाला व रेवाड़ी रेलवे स्टेशनों को भी दहलाने की बात कही है। 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' की ओर से भेजे गए इस ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है, जिसके बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान (Sanitization) छेड़ दिया गया है।
मुख्यमंत्री को चुनौती और 29 अप्रैल का अल्टीमेटम
धमकी भरे ईमेल में 29 अप्रैल को '40वां खालिस्तान डिक्लेरेशन डे' बताते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सीधे तौर पर निशाने पर लिया गया है। ईमेल भेजने वाले ने दावा किया है कि दिल्ली के लाल किले के बाहर पार्किंग में खड़ी एक कार में बम फिट कर दिया गया है। जैसे ही इसकी भनक लगी, दिल्ली पुलिस और गुरुग्राम पुलिस के आला अधिकारी सक्रिय हो गए। बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वायड की टीमें तुरंत लोकेशन पर पहुँच गईं।
गुरुग्राम के स्कूलों में मची अफरा-तफरी
गुरुग्राम में सुबह 8:33 बजे जब स्कूल अपनी पूरी लय में थे, तभी डीपीएस, एचडीएफसी, सनसिटी, हेरिटेज और एमिटी इंटरनेशनल जैसे स्कूलों के इनबॉक्स में मौत का संदेश पहुँचा। ईमेल मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने आनन-फानन में पुलिस को सूचित किया। एहतियात के तौर पर बच्चों की तुरंत छुट्टी कर दी गई और उन्हें सुरक्षित उनके घर भेजा गया। अभिभावकों में इस खबर के बाद भारी गुस्सा और डर देखा जा रहा है। पुलिस ने पूरे परिसर को खाली कराकर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली, हालांकि अब तक कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है।
रेलवे ट्रैक और स्टेशनों पर हाई अलर्ट
स्कूलों के साथ-साथ अंबाला कैंट और रेवाड़ी जंक्शन जैसे संवेदनशील रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ईमेल में चेतावनी दी गई है कि लोग आज ट्रेनों में सफर न करें, क्योंकि पटरियों पर आईईडी धमाके हो सकते हैं। इसके बाद जीआरपी (GRP) और आरपीएफ (RPF) ने रेलवे ट्रैक की निगरानी तेज कर दी है। संदिग्धों पर नजर रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है।
पुराना पैटर्न या गहरी साजिश?
यह पहला मौका नहीं है जब दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों को इस तरह डराया गया हो। जनवरी 2026 से अब तक यह चौथी बड़ी धमकी है। पिछले महीने ही पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को दबोचा था जिसके तार बांग्लादेश से जुड़े थे और जिसने महज 200 डॉलर के लालच में फर्जी ईमेल आईडी मुहैया कराई थी। हालांकि, इस बार 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' का नाम जुड़ने से पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है। साइबर सेल ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रेस करने में जुटी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह किसी की शरारत है या वास्तव में कोई आतंकी साजिश।