Search

चौटाला परिवार में फिर जुबानी जंग: दिग्विजय ने अर्जुन को बताया 'बच्चा', बोले- "जल्द ठंडा हो जाएगा जोश"

Apr 02, 2026 3:48 PM

हरियाणा।  हरियाणा की सियासत में 'चौटाला बनाम चौटाला' का अध्याय कभी पुराना नहीं होता। बीती रात बहादुरगढ़ के गांव लोवा कलां सिदिपुर में आयोजित 64वें देशव्यापी भंडारे में शिरकत करने पहुंचे जननायक जनता पार्टी (JJP) के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने अपने चचेरे भाई और इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला पर जमकर शब्दबाण चलाए। अर्जुन द्वारा जेजेपी नेताओं को मंडियों में न घुसने देने की चेतावनी पर प्रतिक्रिया देते हुए दिग्विजय ने चिर-परिचित अंदाज में कहा, "अर्जुन अभी बच्चा है, मेरा प्यारा भाई है। अभी-अभी विधायक बना है तो खून में थोड़ी गर्माहट है, लेकिन फिक्र न करें, कुछ दिनों में सब ठंडा हो जाएगा।

दिग्विजय यहीं नहीं रुके, उन्होंने एक पुरानी कहावत का सहारा लेते हुए तंज कसा कि अर्जुन की स्थिति वैसी ही है जैसे कोई नया मुल्ला अल्लाह-अल्लाह पुकारता है। दरअसल, अर्जुन चौटाला ने हाल ही में गेटपास की समस्याओं को लेकर जेजेपी को घेरते हुए कहा था कि गठबंधन सरकार में रहने के कारण जेजेपी नेताओं का किसानों के बीच जाना अब मुमकिन नहीं है।

मंडियों में उतरने का एलान: 5 अप्रैल से आर-पार की लड़ाई

हनुमान जयंती के पावन अवसर पर बाबा बजरंगबली का आशीर्वाद लेने पहुंचे दिग्विजय चौटाला ने गठबंधन से अलग होने के बाद जेजेपी के पुनरुत्थान का दावा किया। उन्होंने सरकार की गेहूं खरीद नीति को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि नया कानून किसानों की कमर तोड़ने के लिए लाया गया है। दिग्विजय ने ऐलान किया कि 5 अप्रैल के बाद जेजेपी का एक-एक कार्यकर्ता मंडियों का रुख करेगा और किसानों के हक के लिए सीधा संघर्ष करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जेजेपी दोबारा अपने पैरों पर मजबूती से खड़ी हो रही है और आने वाले समय में इसके परिणाम सुखद होंगे।

कलेक्टर रेट में बढ़ोतरी पर भी बरसे दिग्विजय

प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में जमीन के कलेक्टर रेट में की गई भारी बढ़ोतरी पर भी दिग्विजय चौटाला ने कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से न केवल जमीन जायदाद के कारोबार पर असर पड़ेगा, बल्कि आम आदमी के लिए अपने घर का सपना देखना भी दूभर हो जाएगा। दिग्विजय के मुताबिक, सरकार राजस्व बढ़ाने के चक्कर में जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है।

बता दें कि लोवा सत्रह खाप के पूर्व प्रधान स्वर्गीय श्रीचंद मान परिवार द्वारा आयोजित इस विशाल भंडारे में भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के दिग्गजों और सामाजिक हस्तियों ने शिरकत की। श्रद्धा और सियासत के इस संगम में दिग्विजय की 'चुटकी' ने सोशल मीडिया से लेकर गलियारों तक चर्चा छेड़ दी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!