Search

एनसीआर का सफर अब और आरामदायक: डीटीसी ने कसी अंतर्राज्यीय रूटों के लिए कमर

Mar 17, 2026 10:52 AM

हरियाणा। दिल्ली और उसके पड़ोसी राज्यों के बीच लाखों लोगों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने सार्वजनिक परिवहन को अगले स्तर पर ले जाने की तैयारी कर ली है। परिवहन विभाग की ताजा योजना के मुताबिक, दिल्ली से हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न शहरों के लिए 50 नई एसी बसों का बेड़ा सड़क पर उतारा जाएगा। करीब 12 मीटर लंबी इन आधुनिक बसों को चलाने का मुख्य मकसद उन नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को राहत देना है, जो रोजाना निजी वाहनों या खचाखच भरी ट्रेनों में सफर करने को मजबूर हैं। खास बात यह है कि इन बसों का किराया एएसआरटीयू (ASRTU) के निर्धारित मानकों के आधार पर तय होगा, जिससे यात्रियों की जेब पर ज्यादा बोझ नहीं पड़ेगा।

हरियाणा और यूपी के इन रूट्स पर बढ़ेगी रफ्तार

डीटीसी ने कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए उन रूटों को चुना है जहां यात्रियों का दबाव सबसे अधिक रहता है। पहले से ही धारूहेड़ा, सोनीपत और पानीपत के लिए इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही हैं, लेकिन अब इस दायरे को बढ़ाते हुए दिल्ली-रेवाड़ी, दिल्ली-कर्नाल, दिल्ली-रोहतक और दिल्ली-जेवर जैसे अहम रूट्स को जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा नानकसर से गाजियाबाद बस टर्मिनल और राजस्थान के अलवर के लिए भी बसें चलाई जाएंगी। जेवर एयरपोर्ट के आगामी संचालन को देखते हुए दिल्ली-जेवर रूट को परिवहन विभाग काफी प्राथमिकता दे रहा है, ताकि एनसीआर के यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो।

आस्था के केंद्रों से सीधे जुड़ेंगे दिल्लीवासी

परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने इस योजना के एक और अहम पहलू पर रोशनी डालते हुए बताया कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है। इसी के तहत दिल्ली से सीधे श्री माता वैष्णो देवी कटरा, राजस्थान के प्रसिद्ध धाम सालासर बालाजी व खाटूश्याम और भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या के लिए लग्जरी बस सेवाएं शुरू की जा रही हैं। इन लंबे रास्तों पर आरामदायक सफर सुनिश्चित करने के लिए विशेष रूप से वातानुकूलित बसों का चयन किया गया है। इससे उन बुजुर्गों और परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी जो रेल टिकटों की लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण धार्मिक यात्राओं पर जाने से कतराते थे।

बिहार तक बसें चलाने की तैयारी, जल्द होगा करार

दिल्ली-एनसीआर में रहने वाली पूर्वांचली आबादी के लिए भी एक बड़ी राहत वाली खबर है। सरकार अब दिल्ली से बिहार के बीच अंतर्राज्यीय बस सेवा शुरू करने पर गंभीरता से विचार कर रही है। बिहार के विभिन्न शहरों तक सीधी बस कनेक्टिविटी के लिए दोनों राज्यों के परिवहन विभागों के बीच बातचीत अंतिम दौर में है। डॉ. पंकज कुमार सिंह के अनुसार, जल्द ही इस संबंध में समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके बाद बिहार जाने वाले प्रवासियों को त्योहारों के सीजन में होने वाली भारी भीड़ और ट्रेनों की किल्लत से काफी हद तक निजात मिल सकेगी।

You may also like:

Please Login to comment in the post!