हरियाणा में खाद्य सुरक्षा के लिए आठ खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी
Feb 16, 2026 4:20 AM
चंडीगढ़: हरियाणा में खाद्य सुरक्षा और खाद्य पदार्थों की जांच के लिए चरणबद्ध तरीके से आठ खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। खाद्य एवं औषधि सुरक्षा प्रणालियों को मजबूत करने के उद्देश्य से, हरियाणा सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में नियामक बुनियादी ढांचे के उन्नयन के लिए 53.21 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा ने कहा कि राज्य भर में उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य मानकों को सुनिश्चित करने के लिए आठ अत्याधुनिक खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाओं की स्थापना चरणबद्ध तरीके से की जाएगी।
उन्होंने कहा कि दूध और डेयरी उत्पाद राज्य के आहार का एक प्रमुख घटक हैं। मिश्रा ने बताया कि इसमें 28 मोबाइल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (एमएफटीएल) वैन की तैनाती और करनाल स्थित जिला खाद्य प्रयोगशाला का आधुनिकीकरण शामिल है। मिश्रा ने कहा कि यह पहल नागरिकों के लिए त्वरित, वैज्ञानिक और सुलभ खाद्य परीक्षण सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।