Search

हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, फरुखनगर में बनेगी नई रिंग रोड

Mar 08, 2026 12:58 PM

हरियाणा। हरियाणा की साइबर सिटी गुरुग्राम के पास स्थित फरुखनगर कस्बे में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत देने के लिए नई रिंग रोड बनाने की योजना को मंजूरी मिल गई है। राज्य सरकार ने इस परियोजना को बजट में शामिल किया है। रिंग रोड बनने से कस्बे के अंदर से गुजरने वाले भारी वाहनों का दबाव कम होगा और स्थानीय लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

फरुखनगर और आसपास के गांवों में पिछले कई सालों से रिंग रोड की मांग उठ रही थी। स्थानीय लोग लंबे समय से कस्बे के बाहर बाईपास या रिंग रोड बनाने की मांग कर रहे थे ताकि मुख्य बाजार और सड़कों पर ट्रैफिक दबाव कम किया जा सके।

लंबे समय से उठ रही थी मांग

फरुखनगर क्षेत्र के सामाजिक संगठनों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने कई बार प्रशासन के सामने इस परियोजना की जरूरत रखी थी। कस्बे की संकरी सड़कों और बढ़ते वाहनों के कारण अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है।

अब सरकार द्वारा बजट में रिंग रोड परियोजना शामिल करने के बाद लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी।

जाम से मिलेगी बड़ी राहत

स्थानीय प्रतिनिधियों का कहना है कि रिंग रोड बनने से बाहरी वाहनों को कस्बे के अंदर आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे बाजार और मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक दबाव कम होगा। सरपंच एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मपाल, पूर्व पार्षद नीरू शर्मा, राजबीर शर्मा सैदपुर, जीतराम यादव, जेपी यादव और महावीर यादव ने कहा कि फरुखनगर में बाईपास या रिंग रोड बनने के बाद लोगों को जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी।

इलाके के विकास को भी मिलेगा फायदा

नई रिंग रोड का असर सिर्फ ट्रैफिक व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगा। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से इलाके में व्यापारिक गतिविधियों और आवासीय विकास को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

स्थानीय लोगों ने इस परियोजना को बजट में शामिल करने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्थानीय सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह और उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!