Search

Fatehabad News: फतेहाबाद में जमीन के लिए कलयुगी बेटे का तांडव, 20 गुंडों के साथ मिलकर मां-बाप को अधमरा किया

May 20, 2026 11:05 AM

फतेहाबाद। फतेहाबाद के ढाणी रामपुरा इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां महज जमीन के टुकड़े के लिए एक बड़े बेटे ने लाज-शर्म की सारी हदें पार करते हुए अपने ही कुनबे को मौत के घाट उतारने की कोशिश की। सोमवार की देर रात आरोपी बेटा अपने साथ करीब 15 से 20 हथियारबंद और नकाबपोश बदमाशों को लेकर माता-पिता के घर धमका। हमलावरों ने न सिर्फ पूरे घर को घेरकर पथराव किया, बल्कि जो भी सामने आया उसे बेरहमी से लाठी-डंडों और कस्सी से पीट डाला।

10 एकड़ जमीन का है पूरा विवाद, कई बार बुलाई गई पंचायत

पीड़ित गृहस्वामी देशराज ने बताया कि उनके पास कुल 10 एकड़ कृषि भूमि है। इसी जमीन के मालिकाना हक और बंटवारे को लेकर उनका अपने बड़े बेटे मंगत (28) के साथ काफी समय से मनमुटाव चल रहा था। मंगत की शादी करीब एक साल पहले हुई थी और वह माता-पिता से अलग अपनी पत्नी के साथ कुछ ही दूरी पर दूसरी ढाणी बनाकर रहता है। वह लगातार अपने पिता पर आधी जमीन (5 एकड़) तुरंत उसके नाम ट्रांसफर करने का दबाव बना रहा था। इस पारिवारिक कलह को सुलझाने के लिए गांव में कई बार मोजिज लोगों की पंचायतें भी हुईं, लेकिन मंगत अपनी जिद पर अड़ा रहा।

रात 11 बजे अंधाधुंध पथराव और हवाई फायरिंग, शीशे और दरवाजे तोड़े

खूनी खेल की यह वारदात सोमवार रात करीब 11 बजे की है जब पूरा परिवार सोने की तैयारी कर रहा था। देशराज के मुताबिक, मंगत और उसके गुंडे अचानक लाठियां और तेजधार हथियार लेकर ढाणी पर टूट पड़े। इलाके में दहशत कायम करने के लिए बदमाशों ने पहले हवाई फायरिंग की और फिर पूरे घर पर पथराव शुरू कर दिया। हमले की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि घर की खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए और मुख्य दरवाजे टूट गए।

एक ही परिवार के 5 लोग गंभीर, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

इस अचानक हुए जानलेवा हमले में बुजुर्ग देशराज, उनकी पत्नी प्रकाश कौर, वयोवृद्ध माता प्यारो, छोटा बेटा राजेंद्र और बेटी अनुराधा गंभीर रूप से जख्मी हो गए। चीख-पुकार सुनकर जब तक पड़ोसी मदद के लिए जुटते, हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सभी घायलों को तुरंत फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में नकाबपोश हमलावरों की यह करतूत साफ कैद हुई है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!