HBSE 10th Result Today: हरियाणा बोर्ड 10वीं का रिजल्ट आज 1 बजे, यहाँ से करें मार्कशीट डाउनलोड
May 14, 2026 10:04 AM
हरियाणा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) के 10वीं कक्षा के लाखों छात्रों का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। बोर्ड आज यानी वीरवार दोपहर 1 बजे आधिकारिक तौर पर परीक्षा परिणाम की घोषणा करेगा।
भिवानी बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने खुद इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि बोर्ड का पूरा स्टाफ अंतिम तैयारियों को पूरा करने में जुटा है, ताकि तय समय पर नतीजे पोर्टल पर लाइव किए जा सकें। इस बार की परीक्षा में प्रदेश भर से 2 लाख 78 हजार 334 विद्यार्थियों ने अपनी किस्मत आजमाई थी, जिन्हें अब अपनी मेहनत का फल मिलने वाला है।
डिजिटल मार्कशीट की नई पहल: रिजल्ट देखते ही होगी डाउनलोड
बोर्ड ने इस साल तकनीक के मोर्चे पर एक बड़ा बदलाव किया है, जो परीक्षार्थियों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। डॉ. पवन कुमार के मुताबिक, बोर्ड के इतिहास में पहली बार ऐसी व्यवस्था की गई है कि छात्र जैसे ही अपना रिजल्ट चेक करेंगे, उसी समय अपनी मार्कशीट भी ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे।
अब तक छात्रों को डिजिटल मार्कशीट के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था या डिजिलॉकर पर निर्भर रहना होता था, लेकिन इस 'रियल-टाइम' सुविधा से छात्रों को आगे की स्ट्रीम चुनने और प्रोविजनल एडमिशन लेने में खासी मदद मिलेगी।
क्यों 12वीं के बाद आया 10वीं का परिणाम?
अक्सर मन में यह सवाल उठता है कि बोर्ड ने 12वीं का परिणाम पहले और 10वीं का बाद में क्यों जारी किया। इस पर स्थिति स्पष्ट करते हुए बोर्ड चेयरमैन ने बताया कि 12वीं के छात्रों के लिए समय बेहद महत्वपूर्ण होता है क्योंकि उन्हें कॉलेज, यूनिवर्सिटी और अन्य प्रोफेशनल कोर्सेज में दाखिले के लिए राष्ट्रीय स्तर की काउंसलिंग में हिस्सा लेना होता है।
उनके भविष्य के फैसलों में देरी न हो, इसीलिए मंगलवार को ही 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया गया था। अब 10वीं के छात्रों की बारी है, जिनका परिणाम पूरी पारदर्शिता के साथ आज सार्वजनिक किया जा रहा है।