12वीं पास छात्रों के लिए अलर्ट: हरियाणा के कॉलेजों में दाखिले का शेड्यूल जारी, जुलाई से शुरू होगा सेशन
Apr 29, 2026 2:57 PM
हरियाणा। हरियाणा के सरकारी और निजी कॉलेजों में उच्च शिक्षा का सपना देख रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। 12वीं की परीक्षा देने के बाद रिजल्ट का इंतजार और दाखिले की उधेड़बुन के बीच उच्च शिक्षा निदेशालय (DHE) ने स्पष्ट कर दिया है कि इस साल दाखिला प्रक्रिया में देरी नहीं होगी। विभाग ने स्नातक कोर्सेज में प्रवेश के लिए 7 मई से पोर्टल खोलने का निर्णय लिया है। खास बात यह है कि इस बार पूरी प्रक्रिया को जून के भीतर ही समेटने की तैयारी है, ताकि जुलाई से पढ़ाई का पहिया बिना किसी रुकावट के घूम सके।
पोर्टल से लेकर एडिट विंडो तक: क्या है समय सीमा?
उच्च शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, छात्र 7 मई से लेकर 31 मई तक अपनी पसंद के कॉलेजों और कोर्स के लिए आवेदन जमा कर सकेंगे। अक्सर आवेदन के दौरान छात्रों से कुछ गलतियां हो जाती हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए विभाग ने 1 जून तक का समय 'एडिटिंग' के लिए सुरक्षित रखा है। इस दौरान छात्र अपनी प्रोफाइल या विषयों के चुनाव में बदलाव कर सकेंगे। विभाग ने पहले ही प्रदेश के सभी कॉलेजों से उनका प्रोफाइल डेटा, जैसे- कॉलेज कोड, उपलब्ध सीटें और विषय संयोजन (Subject Combinations) का ब्यौरा जुटा लिया है।
वेरिफिकेशन और मेरिट लिस्ट का गणित
आवेदन प्रक्रिया के साथ-साथ दस्तावेजों की जांच का काम भी समानांतर चलेगा। 9 मई से 6 जून के बीच कॉलेजों को आवेदनों की वेरिफिकेशन पूरी करनी होगी। इसके बाद छात्र अपनी मेहनत का परिणाम मेरिट लिस्ट के रूप में देख सकेंगे:
पहली मेरिट लिस्ट: 11 जून को जारी की जाएगी।
दूसरी मेरिट लिस्ट: 17 जून को पोर्टल पर आएगी।
फिजिकल काउंसलिंग: 24 जून को उन सीटों के लिए होगी जो दो लिस्टों के बाद भी खाली रह जाएंगी।
खाली सीटों पर दोबारा मौका
जो छात्र मुख्य सूची में जगह बनाने से चूक जाएंगे या किसी कारणवश आवेदन नहीं कर पाएंगे, उनके लिए 25 जून को एक बार फिर से पोर्टल खोला जाएगा। इस ओपन काउंसलिंग के जरिए रिक्त सीटों को भरा जाएगा। निदेशालय का मुख्य उद्देश्य यह है कि जुलाई में कॉलेजों का शैक्षणिक सत्र पटरी पर रहे, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में देरी के कारण छात्रों का सिलेबस समय पर पूरा नहीं हो पा रहा था।
दस्तावेज तैयार रखें छात्र
शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि छात्रों को पोर्टल खुलने से पहले ही अपने जरूरी दस्तावेज जैसे- 10वीं-12वीं की मार्कशीट, निवास प्रमाण पत्र (डोमिसाइल), जाति प्रमाण पत्र और परिवार पहचान पत्र तैयार रख लेने चाहिए। 2 जून को निदेशालय उन छात्रों की लिस्ट भी सार्वजनिक करेगा जिनके आवेदनों में कोई तकनीकी खामी या आपत्ति होगी, ताकि छात्र समय रहते उसे दुरुस्त कर सकें। 8 जून तक योग्य अभ्यर्थियों की अंतिम सूची सार्वजनिक कर दी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की फीस प्रक्रिया शुरू होगी।