हरियाणा कॉलेज एडमिशन 2026: 7 मई से खुलेंगे पोर्टल, जानें कैसे करना है यूजी कोर्सेज के लिए अप्लाई
May 06, 2026 5:21 PM
हरियाणा। हरियाणा के उच्च शिक्षण संस्थानों में उच्च शिक्षा का सपना देख रहे विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश के कॉलेजों में अंडर ग्रेजुएट (UG) कोर्सेज में दाखिले के लिए इंतज़ार खत्म होने वाला है। उच्च शिक्षा विभाग (DHE) ने एडमिशन का विस्तृत शेड्यूल जारी करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि आगामी 7 मई से ऑनलाइन पोर्टल लाइव हो जाएगा। विभाग ने सभी कॉलेजों को सीटों का ब्योरा और कोर्स प्रोफाइल अपडेट करने के निर्देश पहले ही दे दिए हैं। इस बार प्रशासन की प्राथमिकता यह है कि दाखिला प्रक्रिया को समय रहते निपटाकर जुलाई के पहले सप्ताह से ही नया शैक्षणिक सत्र शुरू कर दिया जाए।
आवेदन में गलती की चिंता नहीं, मिलेगा 'एडिट' का मौका
दाखिले की दौड़ में अक्सर छात्र जल्दबाजी में फॉर्म भरते समय गलतियां कर बैठते हैं। इसी समस्या को देखते हुए इस बार विभाग ने 'एडिटिंग' का विशेष विकल्प दिया है। यदि किसी छात्र से कोई गलत जानकारी सबमिट हो जाती है, तो वह 1 जून तक उसमें सुधार कर सकेगा। इसके लिए छात्र के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी (OTP) भेजा जाएगा, जिसकी पुष्टि के बाद ही डेटा में बदलाव संभव होगा। आवेदनों की ऑनलाइन वेरिफिकेशन प्रक्रिया 9 मई से शुरू होकर 6 जून तक चलेगी।
मेरिट लिस्ट और काउंसलिंग का गणित
विभागीय योजना के अनुसार, 11 जून को पहली फाइनल मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इसके बाद दूसरी लिस्ट के लिए छात्रों को 17 जून तक का इंतजार करना होगा। जिन छात्रों का नाम इन दोनों सूचियों में नहीं आएगा, उनके लिए 24 जून को कॉलेजों में फिजिकल काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। इसके बावजूद यदि सीटें खाली रहती हैं, तो 25 जून को एक बार फिर से पोर्टल खोला जाएगा ताकि कोई भी इच्छुक छात्र शिक्षा से वंचित न रहे।
रिजल्ट का इंतजार और दाखिले की चुनौती
हालांकि, शेड्यूल जारी हो चुका है, लेकिन एक तकनीकी पेंच अभी भी फंसा हुआ है। सीबीएसई (CBSE) और हरियाणा बोर्ड (HBSE) ने अभी तक 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किए हैं। चूंकि कॉलेजों में दाखिला पूरी तरह से 12वीं के अंकों के आधार पर बनी मेरिट पर निर्भर करता है, ऐसे में छात्रों के मन में ऊहापोह की स्थिति है। विभाग ने अभी तक इस बारे में कोई नई गाइडलाइन जारी नहीं की है कि यदि रिजल्ट में देरी होती है तो पोर्टल की तारीख बढ़ाई जाएगी या नहीं। फिलहाल, विभाग अपने तय शेड्यूल पर अडिग है और पोर्टल खुलने के साथ ही छात्रों को आगे की दिशा साफ होगी।