Search

सरकारी नौकरी का आखिरी कदम: 20 अप्रैल से शुरू होगा ग्रुप-डी बायोमेट्रिक सत्यापन

Mar 30, 2026 3:38 PM

हरियाणा। हरियाणा के हजारों युवाओं का सरकारी नौकरी का इंतजार अब खत्म होने को है। ग्रुप-डी भर्ती 2026 के तहत चयनित 13,246 उम्मीदवारों की अंतिम नियुक्ति से पहले उनकी पहचान पुख्ता करने के लिए सरकार ने बायोमेट्रिक सत्यापन का बिगुल फूंक दिया है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा जारी ताजा अधिसूचना के अनुसार, यह पूरी प्रक्रिया ऑफलाइन माध्यम से प्रदेश के विभिन्न मंडलों में आयोजित की जाएगी। प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने सख्त हिदायत दी है कि उम्मीदवार केवल अपने निर्धारित मंडल और तय तिथि पर ही पहुंचें।

रोहतक और हिसार में सबसे ज्यादा 'लोड', दो दिनों तक चलेगी जांच

जारी शेड्यूल के विश्लेषण से पता चलता है कि रोहतक और हिसार मंडलों में चयनित उम्मीदवारों की संख्या सबसे अधिक है। रोहतक मंडल में 3,750 उम्मीदवार हैं, जिनकी पहचान का मिलान 22 और 23 अप्रैल को किया जाएगा। वहीं, हिसार मंडल के 2,918 युवाओं के लिए 24 और 27 अप्रैल की तारीखें मुकर्रर की गई हैं। करनाल मंडल के 1,662 उम्मीदवारों को 21 अप्रैल को बुलाया गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि समय की पाबंदी और दस्तावेजों की शुचिता इस प्रक्रिया का सबसे अहम हिस्सा होगी।

पहचान की 'डिजिटल' कसौटी: फर्जीवाड़े पर लगाम की तैयारी

भर्ती परीक्षाओं में अक्सर सामने आने वाले 'सीटर गैंग' और फर्जी उम्मीदवारों के खतरे को देखते हुए आयोग इस बार बेहद सतर्क है। बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान उम्मीदवारों के अंगूठे के निशान और चेहरे का मिलान परीक्षा के समय लिए गए डेटा से किया जाएगा।

यदि किसी उम्मीदवार का डेटा मैच नहीं होता है, तो उसकी नियुक्ति तुरंत प्रभाव से रोक दी जाएगी और कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जा सकती है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपने साथ मूल पहचान पत्र, एडमिट कार्ड और संबंधित दस्तावेज जरूर लेकर आएं। 30 अप्रैल को पंचकूला और चंडीगढ़ के शेष उम्मीदवारों के साथ इस दस दिवसीय महाभियान का समापन होगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!