हरियाणा ग्रुप-डी भर्ती 2026: बोर्ड और निगमों में खाली पद भरने का आदेश, 10 अप्रैल तक देनी होगी जानकारी
Apr 04, 2026 11:44 AM
हरियाणा। हरियाणा सरकार अब प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए निचले स्तर पर खाली पदों को भरने के मिशन में जुट गई है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, प्रदेश के तमाम बोर्डों, निगमों और वैधानिक निकायों में ग्रुप-डी के जितने भी पद खाली हैं, उन्हें अब ज्यादा समय तक खाली नहीं रखा जाएगा।
सरकार की मंशा है कि इन पदों को भरकर विभागों की कार्यक्षमता बढ़ाई जाए। हालांकि, इस विशेष भर्ती अभियान में चौकीदार और सफाई कर्मचारियों के पदों को शामिल नहीं किया गया है, उनके लिए अलग से व्यवस्था रहेगी।
10 अप्रैल तक का डेडलाइन: विभागों को सख्त निर्देश
मुख्य सचिव ने सभी प्रबंध निदेशकों और प्रशासनिक सचिवों को कड़े शब्दों में निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली संस्थाओं का डाटा 10 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से भेज दें। विभागों को एक निर्धारित प्रोफार्मा दिया गया है, जिसमें स्वीकृत पदों की संख्या, नियमित कार्यरत कर्मचारी और हरियाणा अनुबंध कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 के तहत काम कर रहे कर्मचारियों की पूरी जानकारी देनी होगी।
सरकार ने साफ कर दिया है कि अगर किसी विभाग ने तय समय तक जानकारी नहीं भेजी, तो यह मान लिया जाएगा कि वहां कोई पद खाली नहीं है और भविष्य में वहां भर्ती की मांग पर विचार नहीं होगा।
HSSC के जरिए होगी पारदर्शी भर्ती
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर शुरू हुई इस कवायद का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मेरिट के आधार पर रोजगार देना है। जैसे ही सभी विभागों से खाली पदों का आंकड़ा कंपाइल होकर मुख्य सचिव कार्यालय पहुंचेगा, इसे तुरंत हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) को भेज दिया जाएगा। इसके बाद आयोग विज्ञापन जारी कर आवेदन मांगेगा। सरकार का प्रयास है कि इस चुनावी साल में ज्यादा से ज्यादा पदों को भरकर युवाओं के बीच एक सकारात्मक संदेश दिया जाए। खास बात यह है कि इस बार अनुबंध पर लगे कर्मचारियों का डाटा भी बारीकी से मांगा गया है ताकि रिक्तियों का सही आकलन हो सके।