Search

Haryana ITI Admission 2026: हरियाणा आईटीआई में दाखिले का शेड्यूल जारी, 2 जून से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन

May 25, 2026 1:15 PM

हरियाणा। हरियाणा के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए काम की खबर है। सरकार के कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए दाखिले की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। आगामी 2 जून से दाखिले के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल खोल दिया जाएगा, जिस पर अभ्यर्थी 15 जून तक अपनी चॉइस भर सकेंगे। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, इस बार पूरी दाखिला प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल मोड पर शिफ्ट कर दिया गया है, जिससे छात्रों को तपती गर्मी में लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा और वे घर बैठे ही आसानी से आवेदन कर सकेंगे।

नोडल संस्थान में 1468 सीटें, नए जमाने के ट्रेड्स पर रहेगा जोर

तोशाम रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के नोडल अधिकारी राजबीर सिंह ने बताया कि इस बार अकेले उनके संस्थान में ही विभिन्न इंजीनियरिंग और नॉन-इEngineering कोर्सेज के तहत कुल 1468 सीटों पर दाखिले किए जाने हैं। इस बार पारंपरिक कोर्सेज जैसे इलेक्ट्रिशियन, फिटर, टर्नर, प्लंबर और मैकेनिक डीजल के साथ-साथ बाजार की मांग को देखते हुए नए जमाने के तकनीकी ट्रेड्स को भी शामिल किया गया है। इनमें ड्रोन टेक्नीशियन, सोलर टेक्नीशियन, वेयरहाउस टेक्नीशियन और मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) जैसे आधुनिक कोर्स मुख्य आकर्षण हैं। इसके अलावा नॉन-इंजीनियरिंग में कोपा और स्टेनोग्राफी जैसे विकल्प भी खुले रहेंगे।

ड्यूल सिस्टम से पढ़ाई और जरूरी दस्तावेजों की सूची

इस बार कई महत्वपूर्ण ट्रेड्स को 'ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग' (DST) के तहत चलाया जा रहा है, जिसमें छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ सीधे इंडस्ट्री में काम करने का व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा। दाखिले के नोडल अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि आवेदन करते समय छात्रों को अपनी 10वीं व 12वीं की मार्कशीट, परिवार पहचान पत्र (PPP), पहचान पत्र, बैंक खाता विवरण, जाति और निवास प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। छात्रों को सलाह दी गई है कि फॉर्म भरते समय किसी भी तकनीकी त्रुटि से बचने के लिए वे इन सभी कागजात को पहले से ही दुरुस्त करवा लें।

आखिरी तारीख का न करें इंतजार, संस्थान में मिलेंगे हेल्प डेस्क

प्रशासन ने उन छात्रों का भी विशेष ध्यान रखा है जिनके पास घर पर कंप्यूटर या इंटरनेट की बेहतर सुविधा नहीं है। इसके लिए आईटीआई परिसरों में विशेष 'हेल्प डेस्क' स्थापित किए जा रहे हैं, जहां तैनात स्टाफ छात्रों के फॉर्म भरने और सही ट्रेड का चयन करने में मुफ्त मदद करेगा। विभाग ने युवाओं से अपील की है कि वे सर्वर पर लोड बढ़ने या आखिरी तारीख के इंतजार में बैठे रहने के बजाय समय रहते अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि मेरिट सूची में उनका नाम आने में कोई अड़चन न पैदा हो।

You may also like:

Please Login to comment in the post!