हरियाणा निकाय चुनाव परिणाम: हुड्डा के गढ़ सांपला में खिला कमल, झज्जर में बीजेपी को झटका
May 13, 2026 10:12 AM
हरियाणा। हरियाणा के सात निकायों और 528 पंचायत उपचुनावों के नतीजों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि स्थानीय राजनीति के मिजाज को भांपना किसी के लिए भी आसान नहीं है। सबसे चौंकाने वाला नतीजा रोहतक के सांपला से आया है, जिसे कांग्रेस के कद्दावर नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता है।
यहाँ नगरपालिका चुनाव में बीजेपी के परवीन कोच ने करीब 4300 वोट हासिल कर कांग्रेस समर्थित खेमे में सेंध लगा दी है। हुड्डा के गृह क्षेत्र में बीजेपी की यह 600 वोटों की जीत प्रदेश की सियासत में बड़े संदेश के रूप में देखी जा रही है।
उकलाना में 23 साल की रीमा का 'सोनी' प्रदर्शन
हिसार के उकलाना में जनता ने पारंपरिक राजनीतिक दलों को सिरे से नकारते हुए एक युवा चेहरे पर भरोसा जताया है। महज 23 साल की निर्दलीय प्रत्याशी रीमा सोनी ने बीजेपी की निकिता गोयल को 2806 वोटों के बड़े अंतर से पटखनी दी।
शुरुआत से ही रीमा ने बढ़त बनाए रखी और दो राउंड की गिनती के बाद ही उनकी जीत तय मानी जाने लगी थी। वहीं, रेवाड़ी में भी मिली-जुली तस्वीर रही, जहाँ वार्ड-1 में निर्दलीय शिल्पी शर्मा ने बाजी मारी, तो वार्ड-2 और 4 में बीजेपी ने अपनी साख बचा ली।
झज्जर और सोनीपत में बीजेपी को लगे झटके
भले ही सांपला में बीजेपी ने जीत दर्ज की हो, लेकिन झज्जर और सोनीपत ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। झज्जर नगर परिषद के वार्ड-13 के उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी को 295 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। यहाँ बीजेपी ने प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली और दिग्गज नेता ओम प्रकाश धनखड़ की पूरी फौज उतार दी थी, इसके बावजूद निर्दलीय विकास गुर्जर उर्फ माइकल ने शानदार जीत हासिल की।
इसी तरह सोनीपत के वार्ड-1 में कांग्रेस के जयकुवार खत्री ने बीजेपी के हरिप्रकाश सैनी को 270 वोटों से हराकर कांग्रेस के वजूद को मजबूती दी है। अंबाला में हालांकि बीजेपी का पलड़ा भारी रहा, जहाँ पहले तीन वार्डों में कमल खिला, लेकिन जीत का अंतर बहुत कम रहा।