हरियाणा में एलपीजी गैस को लेकर घबराहट क्यों? सीएम नायब सैनी ने की स्थिति की समीक्षा
Mar 11, 2026 1:12 PM
हरियाणा। मिडिल ईस्ट में इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब हरियाणा के बाजारों में भी दिखने लगा है। करनाल, गुरुग्राम और चरखी दादरी समेत कई शहरों में एलपीजी गैस को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। गैस एजेंसियों पर अचानक भीड़ बढ़ने लगी है और कई उपभोक्ता एहतियात के तौर पर पहले ही सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं।
स्थिति को देखते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने चंडीगढ़ में अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में गैस सप्लाई की समीक्षा की। मुख्यमंत्री आवास पर खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी कीमत पर गैस की कालाबाजारी नहीं होने दी जाएगी और आम उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
कमर्शियल गैस सप्लाई पर दबाव
करनाल में ऑल इंडिया LPG डिस्ट्रीब्यूटर फेडरेशन (पांच राज्यों) के प्रधान वीरेंद्र कुमार ने बताया कि देश के अन्य राज्यों की तरह हरियाणा में भी कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पर दबाव दिखाई दे रहा है। फिलहाल पर्याप्त मात्रा में कमर्शियल सिलेंडर नहीं पहुंच पा रहे हैं, हालांकि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि यह अस्थायी चुनौती है और सप्लाई को सामान्य रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी साफ किया कि बाजार में पूरी तरह से गैस खत्म होने जैसी स्थिति नहीं है।
घबराहट से बढ़ रहा बाजार पर दबाव
वीरेंद्र कुमार के अनुसार बाजार में जो दबाव दिख रहा है, उसकी बड़ी वजह उपभोक्ताओं की जल्दबाजी है। कई लोग बुकिंग करते ही तुरंत सिलेंडर मिलने की उम्मीद कर रहे हैं, जिससे सप्लाई सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव बन रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर भरोसा न करें और जरूरत के हिसाब से ही गैस बुक करें। सामूहिक जिम्मेदारी से ही सप्लाई व्यवस्था संतुलित रह सकती है।
घरेलू गैस को लेकर सरकार का दावा
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर फेडरेशन के मुताबिक हरियाणा में घरेलू गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। आम उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सप्लाई दी जा रही है और कोशिश यह है कि बुकिंग के बाद जल्द से जल्द सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।
व्यवस्था को संतुलित रखने के लिए अब उपभोक्ता अगली घरेलू गैस बुकिंग 25 दिन के बाद ही कर सकेंगे। इस व्यवस्था का मकसद यह है कि हर उपभोक्ता तक गैस की बराबर सप्लाई पहुंचे और कोई भी परिवार वंचित न रहे।
गुरुग्राम में गैस विक्रेताओं की बैठक
गुरुग्राम में गैस एजेंसी संचालकों ने भी मौजूदा हालात को लेकर बैठक की। इसमें फैसला लिया गया कि किसी भी स्थिति में घरेलू गैस उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं होने दी जाएगी और घरेलू सिलेंडरों की सप्लाई को प्राथमिकता दी जाएगी।
गैस एजेंसियों के मुताबिक शहर में फिलहाल घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। हालांकि 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई में कमी की आशंका के कारण होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों की चिंता बढ़ सकती है।
चरखी दादरी में एजेंसियों पर बढ़ी भीड़
चरखी दादरी में एलपीजी और कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ने के बाद गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ती दिखाई दी। मिडिल ईस्ट में तनाव की खबरों के बाद कई लोग एहतियात के तौर पर पहले ही सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं।
घरेलू गैस लेने पहुंची एडवोकेट जयबीर छिल्लर ने कहा कि फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं है और वे सामान्य तरीके से बुकिंग कराने आए हैं। गैस एजेंसियां भी मोबाइल मैसेज के जरिए उपभोक्ताओं को जागरूक कर रही हैं और अफवाहों से बचने की अपील कर रही हैं।