Search

गैस कालाबाजारी पर कड़ा एक्शन: हरियाणा में 12 एफआईआर दर्ज, 169 सिलेंडर बरामद

Mar 20, 2026 11:05 AM

हरियाणा| हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस की किल्लत को लेकर उड़ रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने दो टूक कहा है कि प्रदेश में एलपीजी का स्टॉक पर्याप्त है। कुरुक्षेत्र में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए मंत्री ने जनता को आश्वस्त किया कि सप्लाई चेन में कहीं कोई बाधा नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ शरारती तत्व पैनिक क्रिएट कर कालाबाजारी की कोशिश कर रहे हैं, जिन्हें कतई बख्शा नहीं जाएगा।

'साइलेंट स्ट्राइक': 12 एफआईआर और 169 सिलेंडर जब्त

मंत्री राजेश नागर ने आंकड़ों के साथ बताया कि सरकार ने अवैध भंडारण और ओवररेटिंग के खिलाफ मुहिम छेड़ दी है। कुरुक्षेत्र, नारनौल, अंबाला, फरीदाबाद और जींद जैसे जिलों में छापेमारी के दौरान अब तक 12 केस दर्ज किए जा चुके हैं। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 169 अवैध सिलेंडर अपने कब्जे में लिए हैं। मंत्री ने चेतावनी दी है कि जो भी एजेंसी या व्यक्ति निर्धारित रेट से अधिक पैसे वसूलते हुए पाया गया, उसका लाइसेंस तुरंत रद्द कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिलों में अधिकारियों का कड़ा पहरा

गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए राज्य सरकार ने हर जिले में हाई-पावर कमेटियां गठित कर दी हैं। इन कमेटियों की कमान सीधे उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) के हाथों में होगी, जिनके साथ डीएफएससी (DFSC) भी फील्ड में तैनात रहेंगे। यदि किसी उपभोक्ता को बुकिंग के बाद तय समय सीमा में सिलेंडर नहीं मिलता या कालाबाजारी की शिकायत होती है, तो ये टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर एक्शन लेंगी।

कुरुक्षेत्र का उदाहरण: रोजाना 8 हजार सिलेंडरों की खपत

स्थानीय आंकड़ों का हवाला देते हुए मंत्री ने बताया कि कुरुक्षेत्र जिले में प्रतिदिन औसतन 8 हजार सिलेंडरों की मांग रहती है और वर्तमान में इतनी ही सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे बेवजह 'पैनिक बुकिंग' न करें। देखा जा रहा है कि लोग डर के मारे एडवांस में सिलेंडर भरवा रहे हैं, जिससे एजेंसियों पर दबाव बढ़ रहा है। मंत्री ने साफ कहा कि पीछे से गैस की आवक में कोई कमी नहीं है, इसलिए घबराने के बजाय सामान्य रूप से बुकिंग कराएं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!