डॉक्टर बनने का सपना! हरियाणा में 65 हजार छात्र देंगे NEET, जानें मुख्यमंत्री के क्या हैं सख्त निर्देश
Apr 25, 2026 1:52 PM
हरियाणा। हरियाणा में नीट (यूजी)-2026 की परीक्षा को लेकर सरकारी मशीनरी अलर्ट मोड पर है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थापित 175 केंद्रों पर 65,300 से अधिक परीक्षार्थी इस बार परीक्षा में बैठने जा रहे हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षा के मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से प्रवेश मिलना शुरू हो जाएगा, लेकिन दोपहर 1:30 बजे के बाद एंट्री का गेट पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा, चाहे कारण कुछ भी हो।
मुख्यमंत्री की दो टूक: पारदर्शी परीक्षा ही सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी डीसी और एसपी के साथ मैराथन बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े लहजे में निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता पर कोई आंच नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा का घेरा ऐसा हो कि परिंदा भी पर न मार सके। सोशल मीडिया पर पेपर लीक या किसी भी तरह की भ्रामक खबर फैलाने वाले 'शातिर तत्वों' पर साइबर सेल की चौबीसों घंटे पैनी नजर रहेगी।
हाई-टेक घेराबंदी: जैमर और डबल बायोमीट्रिक का पहरा
NTA के निदेशक अभिषेक सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका पेश करते हुए बताया कि इस बार 'डबल' बायोमीट्रिक सत्यापन की व्यवस्था की गई है। यानी परीक्षार्थी की पहचान की जांच दो अलग-अलग स्तरों पर होगी ताकि किसी भी तरह के 'डमी' कैंडिडेट की गुंजाइश खत्म हो सके। इसके लिए हर 48 परीक्षार्थियों पर एक बायोमीट्रिक मशीन और हर 100 परीक्षार्थियों पर एक अलग जांच काउंटर बनाया गया है। 30 अप्रैल तक सभी केंद्रों पर जैमर और सीसीटीवी इंस्टाल कर दिए जाएंगे, जो परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले (1:45 बजे) सक्रिय हो जाएंगे।
आपात स्थिति के लिए 'डायल 112' और एम्बुलेंस तैनात
गर्मी और परीक्षार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए हर केंद्र पर एम्बुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपातकालीन स्थिति या सुरक्षा व्यवस्था में व्यवधान होने पर 'डायल 112' की टीमें तुरंत रेस्पॉन्स करेंगी। एनटीए ने पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग चेकिंग काउंटरों की व्यवस्था की है ताकि जांच प्रक्रिया गरिमापूर्ण और सुचारू तरीके से पूरी हो सके।