हरियाणा NHM कर्मचारियों को बड़ी सौगात: अब ऑनलाइन मिलेगी छुट्टी, स्वास्थ्य मंत्री ने शुरू किया पोर्टल
May 06, 2026 11:40 AM
हरियाणा। हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के कर्मचारियों के लिए अब छुट्टी लेना पहले जैसा सिरदर्द नहीं रहेगा। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए 'समग्र ऑनलाइन अवकाश प्रबंधन प्रणाली' (OLMS) की शुरुआत कर दी है।
इस नई व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अब छुट्टी की अर्जी किसी बाबू की मेज पर धूल नहीं फांकेगी। पोर्टल के जरिए आवेदन सीधा संबंधित अधिकारी तक पहुंचेगा और तय समय सीमा में उस पर निर्णय लेना अनिवार्य होगा।
एक क्लिक पर मिलेगी मैटरनिटी और कैजुअल लीव, आएगा SMS अलर्ट
एनएचएम के प्रवक्ता ने नई प्रणाली की बारीकियों को साझा करते हुए बताया कि कर्मचारी अब आकस्मिक अवकाश (CL), असाधारण अवकाश (EL) और मातृत्व अवकाश (Maternity Leave) जैसे सभी प्रकार के अवकाश के लिए घर बैठे आवेदन कर सकेंगे।
इतना ही नहीं, यदि कोई कर्मचारी विदेश यात्रा पर जाना चाहता है, तो उसे अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के लिए भी अब मुख्यालय के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। जैसे ही उच्चाधिकारी छुट्टी को मंजूरी या नामंजूरी देंगे, कर्मचारी के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर तुरंत एक एसएमएस (SMS) प्राप्त होगा, जिससे प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनी रहेगी।
कागजी फाइलों से मुक्ति और जवाबदेही होगी तय
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का मानना है कि इस पोर्टल के आने से मानव संसाधन प्रबंधन (HR Management) में बड़ा बदलाव आएगा। मैनुअल फाइल वर्क में होने वाली देरी और भ्रष्टाचार की शिकायतों पर लगाम लगेगी। ऑनलाइन सिस्टम होने के कारण अब विभाग के पास हर कर्मचारी के अवकाश का रियल-टाइम डेटा उपलब्ध होगा।
इससे न केवल कार्यप्रणाली में तेजी आएगी, बल्कि अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी। विभाग का मानना है कि इस तकनीक के इस्तेमाल से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे बेहतर ढंग से स्वास्थ्य सेवाओं पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।