Search

हरियाणा पुलिस भर्ती: PMT के एडमिट कार्ड जारी, चेयरमैन ने दिया आधार कार्ड को लेकर बड़ा अपडेट

Apr 17, 2026 10:33 AM

हरियाणा। हरियाणा पुलिस में सिपाही बनने की राह देख रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने खुद 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर इसकी पुष्टि करते हुए अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने साफ कहा कि आयोग युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर है और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा रहा है। जिन अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा और शुरुआती चरणों को पार किया है, वे अब आयोग की वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर अपनी तैयारी को अंतिम रूप दे सकते हैं।

बायोमेट्रिक के लिए आधार 'अनलॉक' होना जरूरी

इस बार आयोग ने सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर काफी सख्त रुख अपनाया है। चेयरमैन हिम्मत सिंह ने एक वीडियो संदेश जारी कर विशेष तौर पर आगाह किया है कि सभी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर आने से पहले अपना आधार कार्ड जरूर 'अनलॉक' करवा लें। अक्सर देखा जाता है कि बायोमेट्रिक लॉक होने की वजह से फिंगरप्रिंट मैच नहीं होते, जिससे अभ्यर्थियों को अंतिम समय में परेशानी का सामना करना पड़ता है। फिजिकल स्क्रीनिंग (PST) और मेजरमेंट टेस्ट (PMT) के दौरान आधार बेस्ड बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा, इसलिए इसे पहले ही दुरुस्त कर लेना समझदारी है।

पंचकूला में जबरदस्त इंतजाम, जानें क्या है रूट प्लान

परीक्षा के लिए पंचकूला स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। जीरकपुर-रामगढ़ मार्ग से आने वाले युवाओं के लिए हुडा जिमखाना बस स्टॉपेज पर एक रिसेप्शन काउंटर बनाया गया है, जहाँ वे विश्राम कर सकते हैं और जरूरी जानकारी ले सकते हैं। एंट्री के लिए गेट नंबर 2 और 3 निर्धारित किए गए हैं। गौर करने वाली बात यह है कि जिन अभ्यर्थियों का CET ग्रुप-सी के दौरान बायोमेट्रिक नहीं हो पाया था, उन्हें गेट नंबर-3 पर सबसे पहले इस प्रक्रिया को पूरा करना होगा।

परीक्षा केंद्र पर क्या लेकर जाएं और क्या नहीं?

भर्ती प्रक्रिया के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए आयोग ने मोबाइल फोन को पूरी तरह प्रतिबंधित रखा है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने साथ एडमिट कार्ड का साफ प्रिंट आउट और एक वैध फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस) जरूर लाएं। देरी से पहुंचने वाले किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा, इसलिए समय का खास ख्याल रखें। साथ ही, किसी भी तकनीकी समस्या या त्रुटि की स्थिति में तुरंत आयोग के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की हिदायत दी गई है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!