HSSC चेयरमैन की बड़ी सलाह: पुलिस भर्ती फिजिकल टेस्ट में बायोमेट्रिक अनिवार्य, ऐसे बचें परेशानी से
Apr 16, 2026 11:42 AM
हरियाणा। हरियाणा पुलिस में सिपाही बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अगले कुछ दिन बेहद महत्वपूर्ण हैं। 5500 पदों के लिए होने वाली शारीरिक माप परीक्षण (PMT) की प्रक्रिया 20 अप्रैल से पंचकूला में शुरू होने जा रही है। हालांकि, इस बार मैदान में उतरने से पहले अभ्यर्थियों को अपनी फाइल के साथ-साथ अपने 'आधार' स्टेटस की जांच भी बारीकी से करनी होगी। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने साफ कर दिया है कि बिना आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन के किसी भी उम्मीदवार को प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
अनलॉक करा लें आधार, वरना स्टेडियम में फंसेगा पेंच
आयोग के नवनियुक्त चेयरमैन हिम्मत सिंह ने अभ्यर्थियों को एक तकनीकी लेकिन बेहद जरूरी सलाह दी है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से आगाह किया है कि कई अभ्यर्थी सुरक्षा कारणों से अपना आधार बायोमेट्रिक 'लॉक' रखते हैं। अगर पीएमटी के समय आधार लॉक रहा, तो फिंगरप्रिंट मशीन पर डेटा मैच नहीं होगा। गौर करने वाली बात यह है कि परीक्षा केंद्र (ताऊ देवीलाल स्टेडियम) के भीतर मोबाइल ले जाना वर्जित है, ऐसे में मौके पर जाकर आधार अनलॉक करना नामुमकिन होगा। इसलिए बेहतर यही है कि अभ्यर्थी घर से ही अपना आधार बायोमेट्रिक जांच कर उसे 'अनलॉक' मोड पर कर लें।
17 अप्रैल को आएंगे एडमिट कार्ड, 2.70 लाख दावेदार
इस भर्ती महाकुंभ के लिए प्रदेश भर से लगभग 2 लाख 70 हजार युवाओं ने अपनी दावेदारी पेश की है। आयोग 17 अप्रैल से रोल नंबर और एडमिट कार्ड जारी करने की तैयारी में है। चेयरमैन हिम्मत सिंह ने फेसबुक और 'X' पर स्पष्ट किया कि भर्ती में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पीएसटी (PST) और पीएमटी के दौरान आधार सत्यापन को अनिवार्य बनाया गया है। इससे 'सीटर' या फर्जी उम्मीदवारों के पकड़े जाने की संभावना शत-प्रतिशत बढ़ जाएगी।
पूरी पारदर्शिता के साथ होगी भर्ती
एचएसएससी का यह सख्त रुख पुरानी भर्तियों में सामने आए फर्जीवाड़े के मामलों को देखते हुए लिया गया है। बायोमेट्रिक मिलान न केवल फिजिकल के दौरान होगा, बल्कि आगामी प्रक्रियाओं में भी इसी डेटा का इस्तेमाल किया जाएगा। युवाओं को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही एडमिट कार्ड डाउनलोड करें और उस पर दिए गए दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें। 20 अप्रैल से पंचकूला का ताऊ देवीलाल स्टेडियम युवाओं की मेहनत और खाकी के प्रति उनके जज्बे का गवाह बनेगा।