हरियाणा रोडवेज का मेगा प्लान: सालासर और खाटूश्याम के लिए चलेंगी 50 इलेक्ट्रिक बसें
Apr 24, 2026 12:13 PM
हरियाणा। हरियाणा सरकार ने प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को 'हाई-टेक' बनाने के साथ-साथ इसे जन-आस्था से जोड़ने की अनूठी पहल की है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में सरकार ने इस वित्तीय वर्ष में रोडवेज के बेड़े में क्रांतिकारी बदलाव का फैसला लिया है। अब चंडीगढ़, गुरुग्राम और दिल्ली एयरपोर्ट से सीधे कटरा, सालासर, खाटूश्याम, हरिद्वार और अमृतसर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए 50 नई इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतरेंगी। यह कदम न केवल श्रद्धालुओं के सफर को आरामदायक बनाएगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक बड़ी छलांग साबित होगा।
महिला सुरक्षा और छात्र सुविधा पर विशेष फोकस
परिवहन विभाग ने सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए महिला सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम किए हैं। वर्तमान में महिलाओं के लिए चल रही 273 'पिंक बसों' की संख्या को बढ़ाकर 500 किया जाएगा। साथ ही, सभी सार्वजनिक वाहनों में 'व्हीकल ट्रैकिंग डिवाइस' और 'पैनिक बटन' अनिवार्य किए जा रहे हैं, जिसकी सीधी मॉनिटरिंग सेंट्रलाइज्ड कमांड सेंटर से होगी। विद्यार्थियों के लिए भी सरकार ने खजाना खोलते हुए 1000 नई बसों की खरीद को मंजूरी दी है, ताकि गांव-कस्बों से शहरों की ओर आने वाले छात्रों को यातायात की किल्लत न झेलनी पड़े।
इंफ्रास्ट्रक्चर का नया जाल: बाईपास और 6-लेन सड़कें
सड़क परिवहन की रफ्तार केवल बसों तक सीमित नहीं है, बल्कि बुनियादी ढांचे को भी नया कलेवर दिया जा रहा है। सरकार इस साल 5000 किलोमीटर लंबी सड़कों का कायाकल्प करने जा रही है। गुरुग्राम-पटौदी रोड से झज्जर तक 6-लेन सड़क और फर्रुखनगर बाईपास का निर्माण इसी कड़ी का हिस्सा है। वहीं, जीरकपुर और पंचकूला में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बहुप्रतीक्षित जीरकपुर बाईपास का काम भी जल्द शुरू होने वाला है। रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के मामले में भी हरियाणा ने लंबी लकीर खींची है; वर्ष 2026-27 के दौरान 18 नए ROB और 12 RUB के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।
नायब सरकार का विजन: 4800 करोड़ से सुधरेंगी सड़कें
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार नागरिकों को विश्वस्तरीय परिवहन सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य की 4227 सड़कों की मरम्मत और अपग्रेडेशन के लिए 4827 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। पिछले साढ़े 11 वर्षों का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 43,703 किलोमीटर सड़कों का सुधार किया जा चुका है। अब तकनीक का सहारा लेते हुए 15 अगस्त तक एक विशेष 'सिटीजन मोबाइल ऐप' भी लॉन्च किया जाएगा, जिससे यात्री घर बैठे बसों की लोकेशन और उपलब्धता चेक कर सकेंगे।