Search

हिसार समेत हरियाणा में RTE दाखिले का शेड्यूल जारी

Mar 08, 2026 2:00 PM

हरियाणा। हरियाणा में नए शैक्षणिक सत्र के लिए शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत दाखिले की प्रक्रिया को लेकर शिक्षा निदेशालय ने शेड्यूल जारी कर दिया है। हिसार समेत पूरे प्रदेश में 11 मार्च से इस प्रक्रिया की शुरुआत होगी और मई तक दाखिले की पूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों में प्रवेश कक्षा की 25 प्रतिशत सीटों पर दाखिला दिया जाता है, ताकि गरीब परिवारों के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा का अवसर मिल सके।

पिछले वर्ष इस योजना को लेकर कई सवाल उठे थे। विधानसभा सत्र में भी यह मुद्दा उठा था कि बड़ी संख्या में पात्र बच्चों को निजी स्कूलों में प्रवेश नहीं मिल पाया। इसी कारण इस बार शिक्षा विभाग ने समयबद्ध शेड्यूल जारी कर जिला और खंड स्तर पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

जिला और खंड स्तर पर बनेगी निगरानी कमेटी

शिक्षा निदेशालय ने सभी जिलों के डीईओ और डीईईओ को निर्देश जारी किए हैं कि आरटीई के तहत दाखिला प्रक्रिया तय नियमों के अनुसार पूरी की जाए। इसके लिए खंड स्तर से लेकर जिला स्तर तक कमेटियां बनाई जाएंगी जो पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगी।

हिसार के जिला शिक्षा अधिकारी वेद सिंह दहिया ने बताया कि आरटीई के लिए शेड्यूल जारी हो चुका है। बीईओ को ईमेल के माध्यम से निर्देश भेजे गए हैं कि वे अधीनस्थ कमेटी बनाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें और पूरी प्रक्रिया को समय पर पूरा करें।

नियम तोड़ने वाले निजी स्कूलों पर होगी कार्रवाई

शिक्षा विभाग ने इस बार नियमों के पालन को लेकर सख्ती के संकेत दिए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई निजी स्कूल आरटीई के नियमों का पालन नहीं करता है या सीटों का सही ब्यौरा नहीं देता है तो उसकी रिपोर्ट सीधे निदेशालय को भेजी जाएगी।

इस कदम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को आरटीई के तहत मिलने वाला प्रवेश वास्तव में मिले और स्कूल स्तर पर कोई अनियमितता न हो।

इस तरह चलेगी पूरी प्रवेश प्रक्रिया

जारी शेड्यूल के अनुसार निजी स्कूलों को 11 मार्च से 17 मार्च के बीच प्रवेश कक्षा की कुल सीटों में से 25 प्रतिशत सीटों का विवरण देना होगा। इसके बाद 18 मार्च से 24 मार्च तक जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा स्कूलों की मान्यता और सीटों की जांच की जाएगी।

वेरिफिकेशन के बाद 25 मार्च से 30 मार्च के बीच मान्यता प्राप्त स्कूलों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद अभिभावक 31 मार्च से 7 अप्रैल तक अपने बच्चों के दाखिले के लिए आवेदन कर सकेंगे।

9 अप्रैल को लॉटरी सिस्टम के माध्यम से स्कूलों का आवंटन किया जाएगा। जिन छात्रों को स्कूल अलॉट होंगे, उनके दाखिले 10 अप्रैल से 23 अप्रैल तक पूरे किए जाएंगे।

इसके बाद जिन छात्रों को पहली सूची में स्कूल नहीं मिल पाएंगे, उनके लिए 30 अप्रैल से 4 मई के बीच वेटिंग सूची जारी की जाएगी। इस तरह पूरी प्रक्रिया मार्च से शुरू होकर मई में पूरी होगी।

You may also like:

Please Login to comment in the post!