Search

हरियाणा में सफाईकर्मियों की नई भर्ती होगी, जनगणना के बाद बढ़ेंगे पद

Mar 10, 2026 11:14 AM

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर सफाई कर्मचारियों की भर्ती की तैयारी कर रही है। पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बताया कि फिलहाल गांवों में सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति 2011 की जनगणना के आधार पर की गई थी।

उन्होंने कहा कि अब 2021 की जनगणना का काम शुरू हो चुका है और जैसे ही इसके आंकड़े सामने आएंगे, गांवों की नई आबादी के अनुसार सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

जनसंख्या के अनुसार तय होंगे पद

विधानसभा में शून्य काल के दौरान फतेहाबाद के कांग्रेस विधायक बलवंत सिंह दौलतपुरिया ने ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था से जुड़ा मुद्दा उठाया था। इसी सवाल के जवाब में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि नई जनसंख्या के आधार पर पदों का पुनर्मूल्यांकन किया जाएगा।

गांवों की आबादी बढ़ने के साथ सफाई कर्मचारियों की जरूरत भी बढ़ी है। इसलिए नई जनगणना के आंकड़ों के बाद कई पंचायतों में अतिरिक्त पद सृजित किए जा सकते हैं।

गांवों में सफाई व्यवस्था पर होगा असर

प्रदेश के हजारों गांवों में पिछले कुछ वर्षों में आबादी तेजी से बढ़ी है। कई जगह मौजूदा सफाई कर्मचारी पूरे क्षेत्र की जरूरतों को पूरा नहीं कर पा रहे हैं, जिससे सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है।

नई भर्ती होने से पंचायतों को अतिरिक्त कर्मचारी मिलेंगे और कूड़ा प्रबंधन तथा गांवों की साफ-सफाई बेहतर होने की उम्मीद है। इससे ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं में कमी आ सकती है।

कोसली रेलवे स्टेशन पर अंडरपास का प्रस्ताव

विधानसभा सत्र के दौरान एक अन्य मुद्दे पर लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर गंगवा ने कोसली रेलवे स्टेशन से जुड़ी जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि कोसली रेलवे स्टेशन के मार्किट एरिया में जहां से रेलवे लाइन गुजरती है, वहां रेलवे अंडरपास बनाने का प्रस्ताव है।

भाजपा विधायक अनिल यादव के सवाल के जवाब में रणबीर गंगवा ने बताया कि इस अंडरपास के निर्माण के लिए सरकार ने 5 करोड़ 20 लाख 15 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!