Search

Bomb Threat Haryana: हरियाणा सचिवालय और 11 स्कूलों को उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

May 22, 2026 10:29 AM

हरियाणा। प्रशासनिक राजधानी चंडीगढ़ में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब देश की सबसे सुरक्षित इमारतों में शुमार हरियाणा सिविल सचिवालय और शहर के 11 नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ई-मेल प्राप्त हुआ। इस ई-मेल में खास तौर पर मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) को निशाना बनाने की बात कही गई थी। धमकी की खबर जैसे ही आला अधिकारियों तक पहुंची, पुलिस महकमे की सांसें फूल गईं। तुरंत एक्शन लेते हुए साइबर सेल, लोकल पुलिस और खुफिया विंग को एक्टिव किया गया और प्रभावित इलाकों की घेराबंदी शुरू कर दी गई।

'चंडीगढ़ स्कूल्स 1 PM', ई-मेल की भाषा ने बढ़ाई सुरक्षा एजेंसियों की टेंशन

जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इस धमकी भरे ई-मेल में बेहद आक्रामक और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया गया था। ई-मेल में साफ शब्दों में 'चंडीगढ़ स्कूल्स 1 PM' और 'बम ब्लास्ट' जैसे कीवर्ड्स लिखे गए थे, जिससे साफ था कि दोपहर एक बजे का वक्त धमाके के लिए मुकर्रर करने का दावा किया जा रहा था। सिर्फ इतना ही नहीं, इस ई-मेल ने सुरक्षा एजेंसियों के कान तब और खड़े कर दिए जब इसमें आगामी 6 जून तक अंबाला से दिल्ली के बीच मुख्य रेल ट्रैक को आईईडी (IED) धमाके से उड़ाने की बात भी जोड़ी गई।

इन 11 बड़े स्कूलों में मची अफरा-तफरी, बच्चों को सुरक्षित निकाला बाहर

जैसे ही पुलिस ने स्कूलों की सूची देखी, तुरंत कमांडो और बम निरोधक दस्ते की टीमें रवाना की गईं। जिन स्कूलों को यह धमकी मिली थी, उनमें सेक्टर-26 का सेक्रेड हार्ट, संत कबीर व सेंट जॉन्स स्कूल, सेक्टर-45 का सेंट स्टीफंस, सेक्टर-25 का चितकारा इंटरनेशनल और सेक्टर-40 का डीपीएस शामिल है। इनके अलावा पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित अंकुर स्कूल, सेक्टर-47 का माउंट कार्मेल, सेक्टर-27 का भवन विद्यालय, सेक्टर-41 का आंचल स्कूल और सेक्टर-18 का मॉडल स्कूल भी निशाने पर था। ऐहतियात के तौर पर प्रशासन ने तुरंत इन स्कूलों से बच्चों को बाहर निकाला और उनके माता-पिता को सूचित किया, जिससे शहर भर के अभिभावकों में पैनिक फैल गया।

चौथी बार सचिवालय को धमकी, साइबर सेल खंगाल रही है आईपी एड्रेस

चंडीगढ़ पुलिस, फायर ब्रिगेड और डॉग स्क्वायड ने लगातार कई घंटों तक चले ज्वाइंट ऑपरेशन में सभी 11 स्कूलों और हरियाणा सचिवालय परिसर के कोने-कोने की तलाशी ली। गनीमत यह रही कि लंबी कसरत के बाद भी किसी भी जगह से कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली और इसे 'होक्स कॉल' (झूठी धमकी) माना। गौरतलब है कि यह चौथी बार है जब उपद्रवियों ने हरियाणा सचिवालय को इस तरह की धमकी दी है। फिलहाल, साइबर सेल की टीमें ई-मेल के ओरिजिन और आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रैक करने में जुटी हैं ताकि इस शरारत के पीछे छिपे चेहरों को बेनकाब किया जा सके।

You may also like:

Please Login to comment in the post!