हरियाणा के सरकारी स्कूलों में बड़ा फेरबदल: पीएम श्री और मॉडल संस्कृति स्कूलों के लिए खुला पोर्टल
Mar 12, 2026 1:55 PM
हरियाणा। हरियाणा के शिक्षा विभाग ने राज्य के बेहतरीन शैक्षणिक संस्थानों में शुमार 'पीएम श्री' और 'मॉडल संस्कृति' स्कूलों के लिए बहुप्रतीक्षित ट्रांसफर ड्राइव का बिगुल फूंक दिया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) की ओर से जारी आदेशों के बाद अब सामान्य स्कूलों में कार्यरत वे शिक्षक भी इन प्रीमियम स्कूलों में पोस्टिंग पा सकेंगे, जो लंबे समय से इस मौके का इंतजार कर रहे थे। इस फेरबदल का सीधा असर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता पर पड़ेगा।
15 मार्च से दर्ज होगी शिक्षकों की सहमति
विभाग ने साफ कर दिया है कि आज से 14 मार्च तक पोर्टल पर रिक्तियों की स्थिति स्पष्ट की जाएगी। इसके तुरंत बाद, 15 से 18 मार्च के बीच इच्छुक शिक्षक पोर्टल पर अपनी सहमति दर्ज कर सकेंगे। 19 और 20 मार्च को विभाग अंतिम वैकेंसी और सीटों का विवरण सार्वजनिक करेगा। ध्यान रहे कि इस दौड़ में केवल वही शिक्षक शामिल हो सकते हैं जिन्होंने इन विशेष स्कूलों के लिए निर्धारित कड़ा पात्रता टेस्ट पहले ही पास कर रखा है।
रेगुलर और गेस्ट टीचर्स के लिए अलग-अलग समय सीमा
व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विभाग ने रेगुलर और गेस्ट टीचर्स के लिए अलग-अलग स्लॉट तय किए हैं। पात्र रेगुलर शिक्षक 21 से 25 मार्च के बीच अपनी पसंद के स्कूलों की चॉइस भर पाएंगे, जिन्हें 28 मार्च तक स्टेशन अलॉट कर दिए जाएंगे। वहीं, गेस्ट टीचर्स के लिए 29 मार्च से 1 अप्रैल तक आवेदन की खिड़की खुलेगी और 4 अप्रैल तक उनकी नई तैनाती का फैसला हो जाएगा। हालांकि आवेदन अलग-अलग होंगे, लेकिन विभाग दोनों वर्गों को एक साथ ही पुराने स्कूलों से मुक्त करेगा।
जून-जुलाई में मिलेगी नई जॉइनिंग, ये है बड़ी वजह
भले ही ट्रांसफर की कागजी प्रक्रिया मार्च के अंत तक निपट जाए, लेकिन शिक्षकों को नए स्कूलों में कार्यभार संभालने के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा। प्रदेश में आगामी जनगणना कार्य और अन्य प्रशासनिक व्यस्तताओं के चलते शिक्षकों को जून के अंतिम सप्ताह या जुलाई के पहले हफ्ते में ही रिलीव किया जाएगा। विभाग का तर्क है कि इससे न तो जनगणना का काम प्रभावित होगा और न ही स्कूलों के शैक्षणिक सत्र के बीच में कोई बाधा आएगी।