Haryana Voter List: हरियाणा में 15 जून से सुधरेगी वोटर लिस्ट, चुनाव आयोग ने जारी किया विशेष पुनरीक्षण का शेड्यूल
May 21, 2026 4:56 PM
हरियाणा। चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित नए हरियाणा सिविल सचिवालय में मीडिया से मुखातिब होते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग श्रीनिवास ने बताया कि सूबे के चुनावी इतिहास में यह प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है। हरियाणा में इससे पहले साल 2002 में इस स्तर का विशेष पुनरीक्षण (Special Revision) कार्यक्रम चलाया गया था।
वर्तमान आंकड़ों के मुताबिक, 21 मई, 2026 तक हरियाणा में पंजीकृत कुल मतदाताओं की संख्या 2,06,52,760 है, जिनके लिए प्रदेश भर में 20,629 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। सीईओ ने एक चौंकाने वाला तथ्य साझा करते हुए कहा कि अन्य राज्यों की तुलना में हरियाणा के चुनावी डेटा में करीब 18 फीसदी 'लॉजिकल एरर' यानी नाम, पते और स्पेलिंग की गलतियां हैं। इस बार प्रशासनिक अमले का मुख्य फोकस इन अशुद्धियों को पूरी तरह खत्म कर एक पारदर्शी और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करना है।
तीन बार खटखटाना होगा दरवाजा, हाई-राइज सोसायटियों पर विशेष नजर
आयोग ने जमीनी स्तर पर काम करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) की जवाबदेही तय कर दी है। घर-घर जाकर की जाने वाली गणना प्रक्रिया के दौरान यदि किसी मकान पर ताला मिलता है या 'गणना प्रपत्र' वापस नहीं मिलता, तो बीएलओ को उस घर का कम से कम तीन बार दौरा करना होगा। वे पड़ोसियों से तस्दीक करेंगे कि संबंधित व्यक्ति वहां से कहीं और 'स्थान परिवर्तन' कर चुका है, 'अनुपस्थित' है, या उसकी 'मृत्यु' हो चुकी है।
अक्सर देखा गया है कि दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम और फरीदाबाद के इलाकों में बनी हाई-राइज सोसायटियों और बहुमंजिला इमारतों में बीएलओ की पहुंच नहीं हो पाती। इसे गंभीरता से लेते हुए आयोग ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और पंचकुला के जिला उपायुक्तों को निर्देश दिया है कि वे सोसायटियों के आरडब्ल्यूए (RWA) से समन्वय स्थापित कर हर एक फ्लैट तक बीएलओ की पहुंच सुनिश्चित कराएं।
मौके पर ही बनेगा वोट, राजनीतिक दलों से 'एजेंट' तैनात करने की अपील
युवा और नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए बीएलओ अपने साथ हमेशा 30 से 40 खाली 'फॉर्म-6' और घोषणा पत्र लेकर चलेंगे, ताकि जो भी युवा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुका है, उसका पंजीकरण मौके पर ही किया जा सके। इसके अलावा, पारदर्शिता बढ़ाने के लिए जिन मतदाताओं के नाम किसी वजह से ड्राफ्ट लिस्ट से बाहर हैं, उनकी बूथ-वार सूची पंचायत भवनों, नगर निकायों और बीडीपीओ (BDPO) कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर चपका दी जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA-1 और BLA-2) तैनात करने की पुरजोर वकालत की है। अब तक आयोग को कुल 14,520 बीएलए की सूची मिल चुकी है। इसमें सबसे ज्यादा कांग्रेस से 7,704, भाजपा से 6,438, माकपा (CPI-M) से 165 और बाकी अन्य क्षेत्रीय दलों के एजेंट शामिल हैं। ये एजेंट मतदाताओं से फॉर्म कलेक्ट कर सीधे बीएलओ को सौंप सकेंगे।
चुनावी मैपिंग की जिलेवार स्थिति: कहां कितना हुआ काम?
वोटरों की डिजिटल और चुनावी मैपिंग के मोर्चे पर हरियाणा ने अब तक 64.16 प्रतिशत का आंकड़ा छू लिया है, जिसमें कुल 1,32,51,717 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। जिलों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो इस रेस में फतेहाबाद जिला सबसे आगे चल रहा है।