Search

हरियाणा वेदर अपडेट: 11 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट, घर से निकलने से पहले देख लें लिस्ट

May 06, 2026 10:07 AM

हरियाणा। चंडीगढ़ समेत हरियाणा के बड़े हिस्से में बीते 24 घंटों से बादलों ने डेरा डाल रखा है, जिससे तपती गर्मी से जूझ रहे लोगों को खासी राहत मिली है। हालांकि, यह राहत किसानों के लिए चिंता का सबब भी बन सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन जारी करते हुए राज्य के उत्तर और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों के 11 जिलों में 'येलो अलर्ट' घोषित कर दिया है। आज पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, पलवल और फरीदाबाद में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रह सकती है।

10 मई तक मौसम का 'लुका-छिपी' का खेल

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव 6 मई तक बना रहेगा। इसके चलते बुधवार को भी राज्य के कुछ हिस्सों में छिटपुट बूंदाबांदी और बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। हालांकि, 7 मई से राहत मिलने की उम्मीद है। 7 से 10 मई के बीच उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने के कारण दिन के तापमान में एक बार फिर इजाफा दर्ज किया जाएगा, जबकि रातें थोड़ी ठंडी रह सकती हैं। लेकिन यह राहत ज्यादा लंबी नहीं होगी, क्योंकि 10 मई की रात से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे सकता है।

अन्नदाताओं के लिए चेतावनी: फसल सुरक्षा को लेकर एडवायजरी

मौसम में आ रहे इस उतार-चढ़ाव को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने प्रदेश के किसानों के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। जिन किसानों ने गेहूं और जौ की कटाई व मड़ाई का काम पूरा कर लिया है, उन्हें सलाह दी गई है कि वे अपने अनाज और भूसे को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर ले जाएं। खुले आसमान के नीचे रखा अनाज भीगने से उसकी क्वालिटी खराब होने का डर है। इसके अलावा, कपास की बिजाई करने वाले किसानों को अगले 3-4 दिनों तक रुकने के लिए कहा गया है। पशुपालकों को भी सचेत किया गया है कि वे अपने मवेशियों को धूल भरी आंधी और बारिश से बचाने के लिए पुख्ता शेड के नीचे ही रखें।

You may also like:

Please Login to comment in the post!