Search

हरियाणा वेदर अपडेट: सिरसा-हिसार समेत 4 जिलों में आंधी का अलर्ट, पारा 2 डिग्री चढ़ा

May 07, 2026 10:01 AM

हरियाणा। चंडीगढ़ समेत पूरे हरियाणा में अब मौसम के मिजाज बदलने लगे हैं। पिछले कुछ दिनों से जारी बादलों की आवाजाही थमते ही सूरज ने अपनी तपिश दिखानी शुरू कर दी है। पिछले 24 घंटों के भीतर ही प्रदेश के औसत तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़त देखी गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि अभी लू (Loo) जैसे हालात नहीं बने हैं, क्योंकि पारा सामान्य के मुकाबले अभी भी 4 डिग्री नीचे चल रहा है। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही अब मैदानी इलाकों में चिलचिलाती धूप का दौर लौटने वाला है।

इन चार जिलों में धूल भरी आंधी की चेतावनी

मौसम विभाग ने आज राज्य के मध्य और पश्चिमी हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक सिरसा, हिसार, फतेहाबाद और जींद के इलाकों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं ने फिलहाल तापमान को काबू में रखा है, लेकिन आंधी और तेज हवाओं के कारण स्थानीय जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। खासकर किसानों को कटी हुई फसलों और मंडियों में रखे अनाज को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

सिरसा सबसे गर्म, 10 मई तक चढ़ेगा पारा

तापमान के आंकड़ों पर गौर करें तो सिरसा जिला इस समय प्रदेश में सबसे गर्म बना हुआ है, जहां अधिकतम पारा 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रोहतक, फरीदाबाद और हिसार में भी तापमान 37 डिग्री के आसपास मंडरा रहा है। चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खिचड़ ने बताया कि 10 मई तक राज्य में मौसम मुख्य रूप से खुश्क रहेगा। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने से दिन में गर्मी बढ़ेगी, जबकि रात के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है।

फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ

गर्मी के इस बढ़ते दौर के बीच राहत की खबर यह है कि यह तपिश ज्यादा लंबी नहीं खिंचेगी। डॉ. खिचड़ के अनुसार, 10 मई को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय होने की संभावना है। इस नए सिस्टम के प्रभाव से हरियाणा के कई हिस्सों में फिर से बादलों की गड़गड़ड़ाहट और हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है, जिससे तापमान में एक बार फिर गिरावट आने के आसार हैं। फिलहाल, लोगों को आने वाले दो-तीन दिनों तक तेज धूप और खुश्क मौसम का सामना करना पड़ेगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!