हरियाणा में एक्टिव होंगे 3 पश्चिमी विक्षोभ, 31 अप्रैल तक झमाझम बारिश के आसार
Apr 25, 2026 9:50 AM
हरियाणा। हरियाणा के ऊपर इस समय सूरज की तपिश काल बनकर बरस रही है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में लू का प्रकोप इस कदर बढ़ गया है कि दोपहर होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है। बीते 24 घंटों की बात करें तो रोहतक प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं भिवानी जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे रातें भी अब सुकून देने के बजाय पसीने छुड़ा रही हैं।
आज रात से पलटेगा मौसम, तीन पश्चिमी विक्षोभ होंगे सक्रिय
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के मुताबिक, गर्मी के इस सितम से जल्द निजात मिलने वाली है। आज रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) उत्तर भारत के पहाड़ों पर दस्तक दे रहा है, जिसका सीधा असर हरियाणा के मैदानी इलाकों पर पड़ेगा। इसके बाद 28 और फिर 31 अप्रैल को भी विक्षोभ सक्रिय होंगे। इन बैक-टू-बैक सिस्टम्स की वजह से 31 अप्रैल तक प्रदेश में धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला रुक-रुक कर जारी रहने की उम्मीद है।
इन जिलों के लिए जारी हुई 'वॉर्म नाइट' की चेतावनी
मौसम विभाग ने वर्तमान स्थितियों को देखते हुए अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूहं और पलवल में लू और 'वॉर्म नाइट' का येलो अलर्ट जारी किया है। जब रात का तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहता है, तो उसे 'वॉर्म नाइट' कहा जाता है, जो स्वास्थ्य के लिहाज से काफी खतरनाक मानी जाती है। हालांकि, आज रात से आने वाली ठंडी हवाएं और बूंदाबांदी इस स्थिति में सुधार लाएंगी और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
सेहत का रखें ख्याल: स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी
भीषण गर्मी और मौसम में आ रहे इस उतार-चढ़ाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों का कहना है कि लू की चपेट में आने से बचने के लिए दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से परहेज करें। यदि बाहर जाना अनिवार्य हो, तो सिर और शरीर को सूती कपड़े से ढककर रखें। शरीर में पानी की कमी न होने दें और नींबू पानी, छाछ या ओआरएस (ORS) का नियमित सेवन करें। बच्चों और बुजुर्गों के मामले में विशेष निगरानी की जरूरत है।