Search

Haryana weather update: हरियाणा में कल से चलेगी भीषण लू, मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए जारी किया येलो अलर्ट

May 16, 2026 9:49 AM

हरियाणा। पिछले दिनों हुई छिटपुट बारिश और तेज आंधी के बाद हरियाणा के लोगों को भीषण गर्मी का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा। राज्य में मौसम अब पूरी तरह शुष्क हो चुका है और सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 17 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में लू के थपेड़े आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर सकते हैं। खासकर दक्षिणी और पश्चिमी हरियाणा में मौसम का मिजाज सबसे ज्यादा आक्रामक रहने की उम्मीद है, जिसके चलते विभाग ने पहले ही येलो अलर्ट जारी कर दिया है।

इन जिलों पर मंडराया हीटवेव का खतरा

तपिश की शुरुआत सबसे पहले पश्चिमी बेल्ट से होने जा रही है। हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ जैसे जिलों में कल से ही हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना है। इसके बाद 18 और 19 मई को इस गर्म हवाओं का दायरा और फैल जाएगा। रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह और पलवल के निवासियों को भी इस झुलसाने वाली गर्मी की चपेट में आना पड़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने बिगड़ते हालात को देखते हुए आम जनता को दोपहर 12 बजे से लेकर 3 बजे तक बेहद जरूरी काम न होने पर धूप में बाहर न निकलने की हिदायत दी है।

41 डिग्री के पार पहुंचा पारा, रातें भी होंगी गर्म

प्रदेश में दिन का पारा लगातार रिकॉर्ड बना रहा है। मौजूदा आंकड़ों की बात करें तो नूंह इस समय 41 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका दर्ज किया गया है, जबकि रोहतक और सिरसा में भी सूई 40 डिग्री को छू चुकी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार से पांच दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। चिंता की बात यह है कि इस बार सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि रात के तापमान में भी सामान्य से अधिक बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों को रात के समय भी भारी उमस और बेचैनी झेलनी पड़ेगी।

नौतपा में छूटेगे पसीने, पछुआ हवाओं का दिखेगा असर

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने इस भौगोलिक बदलाव की वजह स्पष्ट करते हुए बताया कि राज्य से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अब पूरी तरह समाप्त हो चुका है। इसके परिणामस्वरूप 16 से 20 मई के बीच मैदानी इलाकों में पाकिस्तान की तरफ से आने वाली गर्म और शुष्क पश्चिमी हवाएं सीधे दस्तक देंगी। यह गर्म हवाएं ही मैदानी इलाकों में भीषण लू का कारण बनेंगी। इसके ठीक बाद, 25 मई से 2 जून के बीच 'नौतपा' की शुरुआत हो रही है, जिसे साल का सबसे गर्म दौर माना जाता है। इन नौ दिनों में सूर्य की किरणें सीधे पृथ्वी पर पड़ती हैं, जिससे इस अवधि में गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाएगी।

You may also like:

Please Login to comment in the post!